Haryana News : हरियाणा में हुड्डा निकालेंगे रथ यात्रा

0
148
हरियाणा में हुड्डा निकालेंगे रथ यात्रा
हरियाणा में हुड्डा निकालेंगे रथ यात्रा

Haryana News Chandigarh (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस इलेक्शन मोड में आ गई है। चुनाव को लेकर पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की तरह प्रदेश में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा रथ यात्रा निकालेंगे। कांग्रेस इसकी शुरूआत 20 अगस्त के बाद करेगी। 2019 में पूर्व सीएम खट्टर ने प्रदेश भर में रथ यात्रा निकाली थी। जिसकी शुरूआत केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी। चंडीगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने यह ऐलान करते हुए हरियाणा मांगे हिसाब स्लोगन की भी शुरूआत की। यह पहला मौका है जब चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह भी पहुंचे। पार्टी कार्यालय में चौधरी उदयभान ने कहा कि बीजेपी के जो दस साल का कुशासन रहा है, उसको लेकर हरियाणा मांगे हिसाब का हमने स्लोगन दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार से सवाल पूछेंगे। पहला सवाल देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी क्यों? दो लाख सरकारी पद खाली हैं, पुलिस विभाग में 20 हजार पद खाली हैं। इसके बाद भी सरकार भर्ती क्यों नहीं कर रही है? हरियाणा में बेरोजगारी को लेकर सबसे ज्यादा पलायन हो रहा है। हरियाणा में बेरोजगारी की दर 37.4 फीसदी पहुंच चुकी है। चौधरी उदयभान ने कहा कि आज के वक्त हरियाणा सबसे असुरक्षित माना गया है। रोजाना क्राइम रेट बढ़ रहा है, व्यापारियों को लगातार धमकी मिल रही है। हरियाणा में क्राइम रेट 31.8 फीसदी तक पहुंच गया है। प्रदेश में व्यापारी भयभीत हैं, बदमाश बेखौफ हैं। हरियाणा के घर-घर में नशा और ड्रग पहुंच रहा है। नशे की ओवरडोज के मामले में हरियाणा पंजाब से आगे निकल गया है।

कांग्रेस की बनेगी सरकार: हुड्डा

हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकसभा के चुनाव में जो संकेत आए हैं उससे साफ है कि हरियाणा की 36 बिरादरी फैसला कर चुकी है कि आने वाली सरकार कांग्रेस पार्टी की होगी। 90 हलकों में भाजपा का वोट कम हुआ है और कांग्रेस का बढ़ा है। किसी प्रदेश में ऐसा नहीं हुआ है जो हरियाणा में हुआ है।