पुलिस से पूछा आखिर क्यों लगता है दिल्ली में इतना जाम

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई है। वहीं पिछले एक दशक से केंद्र में भाजपा की सरकार है। पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार होने के चलते दिल्ली के लोगों को होने वाली समस्याओं से केंद्र सरकार खुद को अलग रखती थी। अब जबकि दोनों जगह भाजपा सरकार है तो लोगों की परेशानियों को कम करने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। राजधानी के लोगों को जिन प्रमुख समस्याओं का हर रोज सामना करना पड़ता है ट्रैफिक जाम उनमें से प्रमुख है।

अब इस समस्या पर देश के गृह मंत्री अमित शाह ने संज्ञान लिया है। राजधानी में जगह-जगह लगने वाले जाम का मुद्दा दिल्लीवासियों की परेशानी का सबब बना हुआ है। इस मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर जबरदस्त जाम लगता है। इसमें नई दिल्ली जैसा वीआईपी एरिया भी शामिल है। इस मामले में उन्होंने दिल्ली पुलिस से जवाब तलब किया है।

बस अड्डों की वजह से लगता है जाम

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार ने बताया है कि जिन 114 मार्गों व जाम लगने वाली जगहों का निरीक्षण किया है तो ज्यादातर जगहों पर बस स्टेंड या तो लाइट सिग्नल, फुटओवर ब्रिज आदि जगहों के पास हैं। इस कारण कारण जाम लगता है। ज्यादातर जगहों पर सड़कों की हालत ठीक नहीं है। कई जगहों पर सड़कों पर बिजली के पोल समेत अन्य पोल लगे हुए हैं।

90 दिन में समस्या हो जाएगी दूर

इसका जवाब देते हुए दिल्ली पुलिस ने सड़कों की सोशल इंजीनियरिंग को खराब बताते हुए 90 दिन की कार्ययोजना बनाकर समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व दिल्ली पुलिस आयुक्त समेत सभी निकाय प्रमुखों की गृहमंत्रालय में बैठक बुलाई थी। इसमें अमित शाह ने ट्रैफिक जाम की समस्या को बड़ी बताते हुए कहा था कि दिल्ली में कई जगहों पर जबरदस्त जाम लगता है। इससे निपटने के लिए क्या इंतजाम हैं। दिल्ली पुलिस इस मामले में क्या कर रही है। समस्या को जल्द से जल्द दूर किया जाए। मामले में सफाई पेश करते हुए पुलिस ने सड़कों की सोशल इंजीनियरिंग को समस्या के लिए जिम्मेदार बताते हुए कहा कि समस्या से निपटने के लिए हमने 90 दिन में जाम को हटाने की कार्ययोजना तैयार की है।

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : पंजाब पुलिस ने यूपी से पकड़ा बब्बर खालसा का आतंकी

ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : विदेश से चल रहे नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़