- होली और रमजान का जुमा 64 वर्ष बाद एक साथ
- पुलिस और प्रशासन बरत रहे अतिरिक्त सतर्कता
Holi 2025 Celebrations, (आज समाज), नई दिल्ली: देशभर में होली को लेकर लोगों में उत्साह है। वहीं पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। दरअसल 14 मार्च को होली और रमजान का जुमा 64 साल बाद एकसाथ पड़ रहे हैं, इसलिए उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश सहित संवेदनशील राज्यों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। दूसरी तरफ भारत-पाकिस्तान सीमा से लेकर देश की राजधानी दिल्ली के अलावा पश्चिम बंगाल व त्रिपुरा तक आम आदमी से लेकर सुरक्षा बलों के जवान भी होली के रंग में डूबे हैं।
सीमा चौकियों पर उत्साह के साथ होली खेलते नजर आए जवान
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान गुरुवार को सीमा चौकियों पर बड़े उत्साह के साथ होली खेलते नजर आए। राजस्थान के जैलसमेर में बीएसएफ के जवानों ने होली मनाई। भारत माता की जय के जयकारों के बीच उन्होंने अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से रंग लगाया और उनके साथ मिठाइयां बांटी। सौहार्दपूर्ण माहौल में जवानों ने अपने अधिकारियों को कंधों पर उठा लिया और भारत माता की जय के नारे लगाए।
बीएसएफ हमारा छोटा सा परिवार : जवान
बीएसएफ जवानों ने कहा, होली खूबसूरत रंगों का त्योहार है। हम सीमाओं पर तैनात हैं ताकि हमारे साथी नागरिक बिना किसी चिंता के जश्न मना सकें। यह हमारा छोटा सा परिवार है। हम अपने वदीधार्री भाइयों के साथ मनाते हैं। बीएसएफ एक छोटा भारत है, जहां सभी धर्मों और पृष्ठभूमियों के जवान त्योहार मनाने के लिए एक साथ आते हैं। बीएसएफ के जवानों ने गुलाल से सराबोर होकर खुशी से डांस भी किया। इससे भारत-पाक सीमा पर माहौल खुशनुमा हो गया। महिला जवानों ने न केवल डीजे की धुन पर डांस किया, बल्कि अपने साथी जवानों के साथ उन्होंने भी त्योहार का आनंद भी लिया।
हम सीमाओं पर कंधे से कंधा मिलाकर खड़े : महिला जवान
एक महिला जवान ने कहा, हम देश की रक्षा के लिए सीमाओं पर कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। यह हमें गर्व से भर देता है कि हम भारत की धरती पर खड़े हैं, देश की रक्षा कर रहे हैं और एक साथ होली मना रहे हैं। एक अन्य महिला जवान ने कहा, हमने त्योहार का भरपूर आनंद लिया, खूब मौज-मस्ती की और अपने बीएसएफ भाइयों के साथ एक परिवार की तरह होली मनाई। हमने नृत्य किया, रंगों से होली खेली और मुख्यालय द्वारा भेजी गई मिठाइयों का आनंद लिया।
उत्तराखंड : ‘होली मिलन उत्सव’ में शामिल हुए सीएम धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने आवास पर आयोजित ‘होली मिलन उत्सव’ में शामिल हुए और उन्होंने राज्य की जनता को शुभकामनाए दीं। उन्होंने भविष्य की पीढ़ियों को परंपराओं को सौंपने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आशा किरण आश्रय गृह की लड़कियों के साथ गुरुवार को होली मनाई। वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई, शुभकामनाएं दीं और मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रोलआउट को लेकर आम आदमी पार्टी के विरोध पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिना विवाद पैदा किए त्योहार का आनंद लिया जाना चाहिए।
यूपी : संभल में मस्जिदें तिरपाल से ढकीं
उत्तर प्रदेश में होली के रंग में कहीं किसी तरह की भंग न पड़े इसके लेकर राज्य में खास इंतजाम किए गए हैं। यहां तक की होली के दिन जुमे की नमाज का वक्त भी बदल दिया गया है। संभल में मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया है। इससे पहले बरेली में निकली ऐतिहासिक राम बरात के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले। अब शुक्रवार को होली मनाई जानी है रंगों के इस त्योहार को शांति और बिना तनाव पूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से तैयारियां कर ली हैं। कानपुर व मेरठ सहित अन्य जिलों में भी प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
हैदराबाद में लोगों पर रंग फेंकना बैन
हैदराबाद पुलिस ने होली के चलते सड़क और सार्वजनिक जगहों पर लोगों पर जबरदस्ती रंग डालने पर रोक लगाई है। पुलिस द्वारा जारी नोटिफिकेशन में ग्रुप में बाइक और कार से आने-जाने पर भी रोक है। अधिकारियों के मुताबिक, शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए यह नियम लागू किया गया है।
यह भी पढ़ें : Holika: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक भी है होलिका दहन, जानें क्यों जलाए जाते हैं उपले और लकड़ियां
यह भी पढ़ें : Holi 2025: कुछ राशियों के लिए कष्टकारी हो सकता है होली पर भद्रा व चंद्र ग्रहण का होना