Hisar News: हिसार की कांता हुड्डा ने 4 सूत का सरिया गले से मोड़कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम कराया दर्ज

0
89
कांता हुड्डा।
कांता हुड्डा।

Hisar News (आज समाज) हिसार: शहर की एक महिला ने 4 सूत का सरिया गले से मोड़कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया हैं। अपनी इस उपलब्धि के बारे में जानकारी देते हुए हरियाणवी रिवाज समिति की अध्यक्ष व योग शिक्षिका कांता हुड्डा ने बताया कि शुरू में उन्होंने तीन सूत लोहे का सरिया अपने गले से मोड़ा था। धीरे-धीरे वे इतनी सक्षम हो गई कि अब वे चार सूत (12 एमएम) का सरिया अपने गले से पल भर में मोड़ देती हैं। उन्हें इस रिकार्ड का बाकायदा प्रमाण पत्र व मेडल भी मिला है। अब उनका अगला निशाना गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाने का रहेगा।

संस्कार व संस्कृति को नहीं चाहिए भूलना

कांता हुड्डा ने बताया कि लड़कियों को अपनी रुचि के अनुसार फिल्ड का चयन करने देना चाहिये। बच्चियों की इच्छाओं को दबाना नहीं चाहिये। मन में कुछ अच्छा करने की सोच, जज्बा व मंजिल पर पहुंचने की ठान लो तो सभी तरह की मुश्किलें अपने आप ही दूर हो जाती हैं। जो भी मुकाम हासिल करो, किंतु अपने संस्कारों व संस्कृति को नहीं भूलना चाहिये। योग में बहुत ताकत है। स्वस्थ जीवन के लिये हर किसी को समय निकालकर योग करना चाहिये। वे अब तक 21 स्कूलों में छात्रों के अलावा हजारों महिलाओं को योग की शिक्षा दे चुकी हैं।