Hisar News: हिसार का गैंगस्टर रोहित थाईलैंड से गिरफ्तार

0
79
हिसार का गैंगस्टर रोहित थाईलैंड से गिरफ्तार
हिसार का गैंगस्टर रोहित थाईलैंड से गिरफ्तार

Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के गैंगस्टर काला खैरमपुरिया के साथी रोहित को थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया है। रोहित को थाईलैंड से बेंगलुरु एयरपोर्ट लाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हरियाणा एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम को सौंप दिया गया। रोहित ने 24 जून को हरियाणा के हिसार में महिंद्रा शोरूम के बाहर फायरिंग करने के लिए बदमाशों को हथियार मुहैया कराए थे। रोहित हिसार के बालसमंद गांव का रहने वाला है। 24 जून को वारदात के बाद रोहित थाईलैंड भाग गया था। एसटीएफ गुरुग्राम के डीएसपी प्रीतपाल ने बताया कि 24 जून को बाइक सवार 3 युवकों ने हिसार में महिंद्रा शोरूम पर अंधाधुंध फायरिंग की थी और विदेश में रह रहे काला खैरमपुरिया और हिमांशु भाऊ के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में हिसार के सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया। हिसार पुलिस और हरियाणा एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी। वहीं हिसार एसटीएफ रोहित को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। रोहित और काला खैरपुरिया को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। पता लगाया जाएगा कि उसने अपराधियों को ये हथियार कहां से और कब उपलब्ध कराए। हरियाणा एसटीएफ इस मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 13 जुलाई को गिरोह के मुख्य सरगना राकेश उर्फ काला खैरमपुरिया को थाईलैंड से भारत लेकर आई थी। रिमांड के दौरान पूछताछ में कई जानकारियां सामने आईं। इसके बाद हरियाणा एसटीएफ ने काला खैरमपुरिया गिरोह के मुख्य साथी हिसार के बालसमंद निवासी रोहित को भी निशाने पर लिया। बताया जाता है कि उस वारदात के बाद वह हिसार छोड़कर थाईलैंड भाग गया था और काला के साथ रह रहा था।

रिमांड के दौरान काला ने बताया रोहित का पता

काला खैरमपुरिया की रिमांड से पता चला कि रोहित थाईलैंड में छिपा है। काला से ही पुलिस को रोहित के थाईलैंड में छिपे होने का पता चला था। तभी से पुलिस रोहित को भारत लाने की कोशिश कर रही थी। हरियाणा एसटीएफ ने रोहित को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की और एलओसी जारी करवाकर उसे थाईलैंड से भारत प्रत्यर्पित करवाया। शुक्रवार को उसे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतारा गया। यहां से उसे शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। एसटीएफ हिसार पहले से ही काला खैरमपुरिया गिरोह को हथियार सप्लाई करने के मामले में हिसार में दर्ज एक मामले की जांच कर रही है। इस मामले में रोहित को भी रिमांड पर लिया जाएगा। इस दौरान उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के बारे में जानकारी ली जाएगी। डीएसपी प्रीतपाल ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि रोहित के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है, इसलिए वह पासपोर्ट पर थाईलैंड भाग गया।

शोरूम पर 30 राउंड फायर कर मचाई थी दहशत

हरियाणा के हिसार में नई आॅटो मार्केट में 24 जून को दिन दिहाड़े इनेलो नेता राम भगत गुप्ता के महिंद्रा शोरूम में 3 नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। दहशत के चलते लोग दुकानों में छिप गए थे। 2 बदमाशों के हाथों में हथियार थे। शोरूम पर करीब 30 राउंड फायर किए गए। इससे शोरूम के शीशे टूट गए, और एक गाड़ी के आगे के शीशे में भी गोली लगी थी। बदमाशों ने शोरूम के काउंटर पर फिरौती के लिए एक पर्ची भी फेंकी, जिसमें 5 करोड़ रुपए मांगे गए। इसके बाद 200 मीटर दूर पुलिस थाने से पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस मामले ने काफी तूल पकड़ा। इस घटना के बाद आॅटो मार्केट के 2 और व्यापारियों से 2-2 करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्दी नहीं होने पर व्यापारियों ने आॅटो मार्केट और इसके बाद हिसार बंद किया था।