Punjab Weather Update : पंजाब में कल से दो दिन भारी बारिश की चेतावनी

0
165
पंजाब में कल से दो दिन भारी बारिश की चेतावनी
पंजाब में कल से दो दिन भारी बारिश की चेतावनी

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : गर्मी और मानसून की बेरुखी से जूझ रहे पंजाब के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मौसम विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में कल से एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो रहा है। रविवार व सोमवार को 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इस लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की माने तो इस दौरान गरज, चमक के साथ तेज बारिश होगी और कई जगहों पर तेज हवाएं भी चलेंगी।

किसानों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना

प्रदेश में बड़े स्तर पर किसानों ने धान की रोपाई की हुई है। बारिश न होने के चलते अब किसानों को धान की सिचांई करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की कमी के चलते सिंचाई का दवाब भूमिगत जल पर बढ़ गया है। जिसके कारण पहले ही रेड जोन में जा चुके प्रदेश के कई जिलों के किसान पानी संकट से जूझ रहे हैं। दूसरी तरफ बारिश न होने के चलते प्रदेश के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान 40 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किया गया है। इसके साथ ही अमृतसर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री, पठानकोट का 37.9, पटियाला का 36.3, फरीदकोट का 37, गुरदासपुर का 36.3 डिग्री और फिरोजपुर का 38 डिग्री दर्ज किया गया है। प्रदेश में बारिश न होने के चलते इन प्रमुख शहरों का तापमान 40 डिग्री के करीब बना हुआ है। इसके साथ ही उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी भविष्यवाणी यदि सही साबित होती है तो बारिश से प्रदेश के लोगों और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।