Punjab Weather Alert : पंजाब में आज से भारी बारिश की संभावना

0
5821
पंजाब में आज से भारी बारिश की संभावना
पंजाब में आज से भारी बारिश की संभावना

Punjab Weather Alert(आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश में पिछले कई दिन से चल रहा सूखा आज से खत्म होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब सहित उत्तर भारत के सभी राज्यों में आज से अगले पांच दिन तक बारिश की चेतावनी जारी की है। जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि गर्मी और उमस से जूझ रहे पंजाब के लोगों को राहत की फुहारें मिलेंगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मानसून टर्फ (कम दबाव के क्षेत्र की रेखा) पिछले एक सप्ताह से सामान्य से दक्षिण में राजस्थान पर बनी हुई थी।

सोमवार को उसका पश्चिमी सिरा उत्तर की आगे बढ़ेगा। वह अपनी सामान्य स्थिति पंजाब, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर आएगा। ज्ञात रहे कि प्रदेश में जहां जून में मानसून कम बरसा वहीं अब जुलाई के 20 दिन बीत जाने के बाद भी मानसून कमजोर ही बना हुआ है। पंजाब के 15 जिले इस समय भयंकर सूखे से गुजर रहे हैं।मानसून की सक्रियता कम होने के कारण प्रदेश में गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।

प्रदेश में 41.6% कम बारिश हुई

पंजाब में इस सीजन के दौरान अभी तक सीजन की बारिश सामान्य से 41.6 फीसदी कम हुई है। सबसे ज्यादा 74 फीसदी बारिश की कमी फतेहगढ़ साहिब में रही है। दूसरे नंबर पर नवांशहर रहा है जहां 66 फीसदी कम हुई है। तरनतारन और मानसा में ही सामान्य से कुछ अधिक बारिश हुई है। बाकी सभी जिले 30 से 60 फीसदी तक ड्राई चल रहे हैं।

किसानों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना

प्रदेश में जहां कम बारिश हो रही है वहीं धान की खेती करने वाले किसानों के सामने धान की सिंचाई की परेशानी खड़ी हो गई है। बारिश न होने के चलते भूमिगत जल पर दवाब बढ़ रहा है जोकि पहले ही रेड जोन में पहुंच चुका है।