Haryana Weather News: हरियाणा के 5 जिलों में तेज बारिश

0
62
हरियाणा के 5 जिलों में तेज बारिश
हरियाणा के 5 जिलों में तेज बारिश

Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में 3 दिन बाद मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने 7 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें भिवानी, झज्जर, रोहतक, भिवानी, हिसार, सोनीपत, जींद शामिल हैं। यहां बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बताया है। हालांकि कुछ जिलों में सुबह से ही बारिश शुरू हो चुकी है। जींद, पानीपत, हिसार, सोनीपत और महेंद्रगढ़ के कुछ इलाकों में सुबह ही अच्छी बारिश देखने को मिली। अधिकतर शहरों में बादल छाए। रेवाड़ी में बारिश के बाद नाईवाली चौक पर 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वहीं रेवाड़ी के ही भाडावास रोड पर रेलवे लाइन पर कुछ समय पहले बने अंडरपास की मिट्टी धंस गई। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन को रोका गया।

16 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई

हरियाणा के 16 जिलों में मानसून की बारिश सामान्य से कम हुई है। कैथल, करनाल और पंचकूला जिले तो ऐसे हैं, जहां सामान्य से आधी बारिश भी नहीं हो पाई। हिसार, जींद, यमुनानगर, पलवल और रोहतक जिलों में सामान्य से 30 प्रतिशत से भी कम बारिश हो पाई है। महेंद्रगढ़ और नूंह जिलों में जमकर बादल बरसे हैं। नूंह में सामान्य से 63 प्रतिशत और महेंद्रगढ़ जिले में सामान्य से 51 प्रतिशत तक अधिक बारिश दर्ज की गई है।