Heatwave Update 29 May: राजस्थान के चूरू में पारा 50 डिग्री पार, दिल्ली व झांसी में 49, जम्मू संभाग में 43

0
80
Heatwave Update 29 May
राजस्थान के चूरू में पारा 50 डिग्री पार, दिल्ली व झांसी में 49, जम्मू संभाग में पारा 43। 

Aaj Samaj (आज समाज), Heatwave Update 29 May, नई दिल्ली: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है और राजस्थान के चूरू में अधिकतम तापमान 50 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी पारा 49 को पार कर गया है। उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। झांसी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया और आगरा में यह 48.6 और वाराणसी में 47.6 डिग्री रहा। वहीं जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में यह 43 डिग्री रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, यूपी में मई में इतनी तपिश कभी नहीं रही।

  • चूरू देश का सबसे गर्म 

हिमाचल के ऊना में अधिकतम तापमान 44 पार

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक चूरू में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे अधिक है। इस तरह मंगलवार को चूरू देश का सबसे गर्म इलाका रहा। इससे पहले यहां एक जून, 2019 को अधिकतम तापमान 50.8 डिग्री दर्ज किया गया था। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी आसमान से इन दिनों जैसे आग बरस रही है। जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसके चलते स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी। वहीं हिमाचल के ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री को पार कर चुका है।

दिल्ली में तीन मौसम केंद्रों पर पारा 50 के पास

दिल्ली में भी गर्मी कहर बरपा रही है और फिलहाल लू यानी हीटवेव से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्टÑीय राजधानी के तीन केंद्रों पर मंगलवार को तापमान 50 डिग्री के पास पहुंच गया। मुंगेशपुर व नरेला में अधिकतम तापमान 49.9 व नजफगढ़ में 49.8 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग ने कहा है कि अभी कम से कम दो दिन और प्रचंड गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

57 साल के इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड टूटा

57 साल के इतिहास में पहली बार मंगलवार को आयानगर और 51 साल में रिज में तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। आयानगर में पिछले कल पारा 47.6 दर्ज किया गया। वहीं, रिज में यह 47.5 दर्ज किया गया, जो आॅल टाइम रिकॉर्ड बना। आयानगर के 1967 से 2023 तक के अधिकतम तापमान के आंकड़े को देखें तो 28 मई 1988 को 47.4 डिग्री और 11 जून 2019 को तापमान 47 दर्ज किया गया। रिज के 1973 से 2023 तक के आंकड़ों के अनुसार 16 मई 2022 को तापमान 47.2 और 7 जून 2014 को तापमान 46.3 डिग्री दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राजधानी में सफदरजंग मानक केंद्र है। मंगलवार को यहां तापमान 45.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान बीते चार साल में दूसरा बार सबसे अधिक है। 27 मई 2020 को सफदरजंग में तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया था।

आज भी हीट वेव की स्थिति का अनुमान, कल से राहत का अनुमान

मौसम विभाग ने आज के लिए भी उत्तर भारत में गर्मी व लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 46 डिग्री रहने की संभावना है। दिन में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। दिन में 25-35 किलोमीटर प्रतिघंटा की हिसाब से धूल भरी हवाएं चलेंगी। 30 मई को भी लगभग ऐसी स्थिति रहेगी। शाम से मौसम में बदलाव होगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश व धूल भरी हवाएं चलने से 31 मई व एक जून को तापमान में दो से तीन डिग्री की मामूली गिरावट होने की संभावना है। जून के पहले सप्ताह तक भले ही तापमान दो से तीन डिग्री कम हो जाए, लेकिन गर्मी 45 डिग्री से अधिक वाली ही महसूस होगी।

बुंदेलखंड में लू व फीवर से 12 लोगों की मौत, सप्ताहांत उत्तर पश्चिम भारत में बारिश

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में तेज धूप व गर्म हवाओं के चलते लू और बुखार के कारण 12 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा छह लोगों की मौत महोबा, तीन की हमीरपुर और दो की बांदा में हुई। वहीं, चित्रकूट में एक व्यक्ति की जान चली गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कि उत्तर पश्चिम भारत में गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनने की उम्मीद है, जिससे इस सप्ताहांत इस क्षेत्र में बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook