
Aaj Samaj (आज समाज), Heatwave Deaths, नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ राज्यों में बीते दिनों से लू यानी हीटवेव जानेलवा बनी हुई है और अकेले उत्तर प्रदेश और बिहार में ही 224 लोग लू का शिकार हो गए हैं। कई लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। दूसरी और आग उगल रहे सूरज की भीषण गर्मी के चलते तेजी से ग्लेशियर पिघल रहे हैं जिससे और चिंता बढ़ गई है। ग्लेशियर पिघलने के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है और दोनों नदियों का पानी मई में ही बरसात के मौसम जैसा हो गया है। इससे उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित नामामि गंगे परियोजना के तहत बने सभी घाट जलमग्न हो गए हैं।
हरियाणा में 2 व दिल्ली में एक शख्स की जान गई, कुल 227 मौतें
गुरुवार को लू के कारण हुई 224 लोगों की मौतों में से सबसे ज्यादा 164 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश में हुई है। इसके अलावा दूसरे नंबर पर बिहार है जहां गुरुवार को 60 लोग लू का शिकार हो गए। इनमें सर्वाधिक 20 मौतें राज्य के औरंगाबाद जिले में हुईं। बुधवार सुबह से गुरुवार शाम तक बिहार में सड़क, बस स्टैंड, स्टेशन पर चलते-टहलते या मतदान की तैयारी कर रहे लोगों की मौतों की संख्या 73 पहुंच गई। वहीं लू से यूपी में सबसे ज्यादा लोगों की मौत वाराणसी और आसपास के जिलों में हुई। हरियाणा में भी दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार को बिहार के दरभंगा निवासी एक 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। उसे 107 डिग्री बुखार था। इस तरह अब तक देशभर में 227 लोगों की लू के कारण मौत हो चुकी है।
फरीदकोट व श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म शहर, चंडीगढ़ 44.9 डिग्री
पंजाब का फरीदकोट और राजस्थान का श्रीगंगानगर गुरुवार को देश के सबसे गर्म शहर रहे। यहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री रहा। यूपी के बुलंदशहर में पारा 48 डिग्री रहा। वहीं, नई दिल्ली में पारा 45.6 और नोएडा में 47.3 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। देश में 41 जगह अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक रहा। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
27 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून
केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय से दो दिन पहले 30 मई को दस्तक दे दी है और मौसम विभाग के अनुसार 27 जून तक यह दिल्ली पहुंच सकता है। केरल में आमतौर पर यहां मानसून एक जून को पहुंचता है। इसके अलावा मानसून पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर व असम में भी दस्तुक दे चुका है।
आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में 5 दिन बारिश, मेघालय में रेड अलर्ट
आईएमडी ने आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 5 दिन तक बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है। मेघालय में भी अगले 5 दिन में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल के उपहिमालयी इलाकों, सिक्किम व नगालैंड में भी अगले 5 दिन में भारी बारिश का अनुमान है।
यह भी पढ़ें:
- Bus Accident Jammu-Poonch NH: जम्मू-पूंछ एनएच पर खाई में गिरी बस, यूपी व राजस्थान के 22 श्रद्धालुओं की मौत
- ED Question To Kejriwal: केजरीवाल की सेहत खराब तो मुख्यमंत्री जोर-शोर से प्रचार कैसे कर रहे
- Israel Hamas War: गाजा में इस साल के अंत तक चल सकती है जंग : इजरायल
Connect With Us : Twitter Facebook