Heatwave 31 May Update: भीषण गर्मी के बीच जानलेवा बनी लू, महाराष्ट्र व दिल्ली में पानी का संकट

0
41
Heatwave 31 May Update
रिकॉर्ड तापमान के बीच जानलेवा बनी लू, देश में कुछ जगह जलसंकट गहराया।

Aaj Samaj (आज समाज), Heatwave 31 May Update, नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के अलावा अन्य कुछ राज्यों में रिकॉर्ड तापमान के बीच एक ओर जहां लू (हीटवेव) लगातार जानलेवा बनी हुई है, वहीं पानी की कमी को लेकर भी दिल्ली व महाराष्ट्र सहित कई जगह त्राहिमाम मच गया है। उधर पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश अब भी आफत बनी हुई है। दूसरी तरफ उत्तर पश्चिम भारत में गर्मी इस कदर पड़ रही है कि दिन के साथ ही रातें भी बेहद गर्म हो रही हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार में लू ने ली कई लोगों की जान

हालांकि इस बीच मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह शनिवार को हल्की बारिश के आसार हैं जिससे तेज गर्मी से राहत की उम्मीद है। भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश और बिहार में लू ने कई लोगों की जान ले ली है। बुधवार सुबह से गुरुवार शाम तक बिहार में सड़क, बस स्टैंड, स्टेशन पर चलते-टहलते या मतदान की तैयारी कर रहे लोगों की मौतों की संख्या 73 पहुंच गई। शुक्रवार को भी राज्य में कई जगह गर्मी से लोगों की जान गई है। हरियाणा में भी गुरुवार को दो लोगों की मौत हो गई है।

यूपी का बुलंदशहर गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला

यूपी का बुलंदशहर गुरुवार को 48 डिग्री के साथ गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, इससे पहले बुलंदशहर 1978 में इतना गर्म हुआ था। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के कुछ इलाकों में शनिवार को बौछारें पड़ने की संभावना है। पश्चिम यूपी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चल सकती है।

रात को भी मौसम गर्म रहने का अनुमान

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी रात को मौसम गर्म रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना के चलते आईएमडी ने शुक्रवार के लिए देश में कहीं भी हीटवेव का रेड अलर्ट जारी नहीं किया था। एमपी, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आरेंज अलर्ट था। महाराष्ट्र के एक इलाके के लोग प्रदूषित तालाब का पानी पीने को मजबूर हो गए हैं। 30 मई को नागपुर का तापमान 56 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो देश में अब तक का सबसे अधिक टेंपरेचर टॉर्चर है।

अयोध्या में कम हुए रामलला के दर्शनार्थी

नौतपा के चलते पड़ रही भीषण गर्मी का असर अयोध्या के धार्मिक पर्यटन पर भी दिख रहा है। रामलला के दर्शनार्थियों के आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। हाल ही में जहां डेढ़ लाख श्रद्धालु रोज रामलला के दर्शनार्थ अयोध्या पहुंचे रहे थे, वहीं बीते दो दिन में रामलला के दरबार में महज 1.15 लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई है। रामपथ पर सन्नाटे जैसी स्थिति है।

27 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून

केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय से दो दिन पहले 30 मई को दस्तक दे दी है और मौसम विभाग के अनुसार 27 जून तक यह दिल्ली पहुंच सकता है। केरल में आमतौर पर यहां मानसून एक जून को पहुंचता है। इसके अलावा मानसून पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर व असम में भी दस्तुक दे चुका है।

मणिपुर और असम ‘रेमल’ के कारण बाढ़ जैसे हालात

मणिपुर और असम में चक्रवात रेमल के कारण मंगलवार से हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं जिससे राज्य में कई जगह बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। रोड और यातायात प्रभावित होने से जन-जीवन बुरी तरह बाधित है। मणिपुर सरकार के अनुसार बाढ़ से कुल 1,88,143 लोग प्रभावित हुए हैं, वहीं कम से कम 24,265 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। असम में बाढ़ से 9 जिलों में 1.98 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मंगलवार के बाद से वर्षाजनित हादसों में राज्य में 6 लोगों की मौत हो गई है।

यह भी पढ़ें: 

Connect With Us : Twitter Facebook