मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, 16 से 18 अप्रैल तक लू का येलो अलर्ट

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित समस्त उत्तर भारत में पिछले दो-तीन दिन तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते लोगों के लिए राहत भरे रहे। दिल्ली में भी लोगों को भीष्ण गर्मी से राहत मिली और तापमान भी 40-41 डिग्री से कम होकर 35 डिग्री के आसपास चला गया। हालांकि यह राहत आने वाले एक दो दिन जारी रहेगी लेकिन उसके बाद से लोगों को एक बार फिर से भीष्ण गर्मी और लू के लिए तैयार रहना पड़ेगा।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने 16 से 18 अप्रैल के लिए लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। यदि तीनों दिन लू चली तो अप्रैल के मध्य तक ही लू चलने वाले छह दिन हो जाएंगे। अप्रैल में बीते सप्ताह तीन दिन लू चल चुकी है। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार व शुक्रवार को आंधी व बारिश से मौसम का मिजाज बदल चुका है। 40-41 चल रहा तापमान लुढ़ककर 35 डिग्री तक पहुंच गया है। शनिवार को भी मौसम सुहावना बना रहा। धूप निकली, लेकिन आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे। गर्मी का अहसास नहीं हुआ। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री कम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 000.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली का यह एरिया रहा सबसे ज्यादा ठंडा

वहीं, दिल्ली का लोदी रोड इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज हुआ। जबकि पालम में तापमान 33.9 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर में 004.0 मिमी, रिज में 001.4. पालम में 002.0 और लोदी रोड में 000.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आसमान में आज भी छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार तक कुछ ऐसा ही मौसम बना रहेगा। रविवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान बढ़ कर 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक रहने का अनुमान है। 14 अप्रैल तक लू चलने की संभावना नहीं है। अगले सप्ताह के मध्य से गर्मी फिर से जोर पकड़ेगी। 16 से 18 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22-25 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। वहीं इन तीनों दिन लू का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। उसके बाद सप्ताह के अंत में फिर से हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।

ये भी पढ़ें : Delhi News : नई ईवी पॉलिसी में दिल्ली सरकार देगी महिलाओं को विशेष छूट