43.1 डिग्री तक पहुंचा सिरसा का तापमान
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ेगी। गर्म हवाओं के चलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं मौसम विभाग ने आज के लिए 9 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात व पलवल के लिए यलो अलर्ट है।

26 से 28 अप्रैल तक प्रदेश के 16 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम व फरीदाबाद ) में यलो अलर्ट रहेगा। वहीं 6 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल) को ग्रीन जोन में रखा है। 25 व 26 अप्रैल को उत्तर पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलेंगी।

सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया तापमान

वहीं, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा हरियाणा के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है।