Haryanvi Dancer Sapna Sharma: हरियाणवी डांसर सपना शर्मा ने ससुरालियों पर दर्ज कराया केस

0
98
Haryanvi Dancer Sapna Sharma: हरियाणवी डांसर सपना शर्मा ने ससुरालियों पर दर्ज कराया केस
Haryanvi Dancer Sapna Sharma: हरियाणवी डांसर सपना शर्मा ने ससुरालियों पर दर्ज कराया केस

कहा-दहेज के लिए प्रताड़ित किया, मारपीट की, जेठ के पेट में लात मारने से हुआ मिसकैरेज
Haryanvi Dancer Sapna Sharma (आज समाज) महेंद्रगढ़: हरियाणवी डांसर सपना शर्मा ने ससुराल वालों पर केस दर्ज कराया है। सपना शर्मा ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। डांसर के मुताबिक सास और जेठ-जेठानी भी परेशान करते हैं। सास ने भी उससे मारपीट की। जेठ के पेट में लात मारने से उसका मिसकैरेज हो गया।

4 फरवरी को भी उनके साथ पति ने शराब पीकर और उसकी जेठानी ने मारपीट की। डांसर ने इसको लेकर नारनौल में महिला पुलिस थाने में शिकायत दी है। डांसर सपना शर्मा नारनौल के मोहल्ला चांदूवाड़ा की रहने वाली हैं। एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी।

शादी के कुछ दिन बाद पति दहेज के लिए करने लगा परेशान

पुलिस को दी शिकायत में सपना शर्मा ने बताया कि उसकी शादी 2 मार्च 2024 को अटेली में कमल के साथ हुई थी। शादी के दौरान उसके परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार खर्चा किया था। उसके परिजनों ने करीब 25 लाख रुपए खर्च किए, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसका पति कमल उसको दहेज के लिए परेशान करने लगा। बार-बार उसके साथ मारपीट की। उसका जेठ नीरज व जेठानी मधुबाला भी उसको परेशान करने लगे।

पति शराब पीकर करता है मारपीट

सपना शर्मा ने आरोप लगाया कि पति कमल उसके साथ शराब पीकर भी मारपीट करता है। दूसरी औरतों की तस्वीरें दिखाकर कहता कि ये उसकी दोस्त हैं। वह उसे दहेज लाने के लिए कहता है।

10 लाख रुपए की डिमांड की

शिकायत में डांसर ने बताया कि उसकी सास ने 28 मई 2024 को उसके साथ मारपीट की। यहां तक कि उसके जेठ नीरज ने उसके पेट में लात मारी। जब इस बारे में पति को बताया तो उसने कहा कि यहां तो ऐसा ही होगा। वे 10 लाख रुपए लेकर आए। इस पर उसने अपने परिजनों को सूचना दी।

जेठ ने पेट में मारी लात

सपना शर्मा ने बताया कि इसके बाद उसके परिजन उसे अटेली अस्पताल में लेकर गए। जहां पर डॉक्टरों ने बताया कि उसके पेट में लगी चोट के कारण पल रहा बच्चा भी मिसकैरेज हो गया।

4 साल पहले जान से मारने की धमकी मिली

सपना को 4 साल पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। इसका आरोप उन्होंने अपने जीजा पर ही लगाया था। नारनौल महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंजू शाह ने बताया कि उन्हें डांसर सपना शर्मा की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत मिलने के बाद अब दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जिसके बाद दोनों की काउंसलिंग की जाएगी। काउंसलिंग होने के बाद ही आगे की कोई कार्रवाई होगी। अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें : हिसार में जीजा-साली ने जहर निगल कर की आत्महत्या