
मौसम विभाग ने 12 जिलों में जारी किया लू का यलो अलर्ट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में गर्मी ने बढ़ने लग गई है। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 6 जिलों में लू का हाई अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में हीटवेव (लू) का हाई अलर्ट जारी किया उनमें हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और रोहतक शामिल है।
इसके अलावा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल और करनाल लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र को ग्रीन जोन में रखा गया है। मंगलवार को प्रदेश में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
आज रात से मौसम बदलने की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 9 अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 9 अप्रैल रात्रि से मौसम में बदलाव संभावित। इससे राज्य में 10 अप्रैल और 11 अप्रैल को ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल और कहीं कहीं हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।