Haryana News: हरियाणा को जल्द मिलेगा अपने हक का पानी: सीआर पाटिल

0
109
Haryana News: हरियाणा को जल्द मिलेगा अपने हक का पानी: सीआर पाटिल
Haryana News: हरियाणा को जल्द मिलेगा अपने हक का पानी: सीआर पाटिल

जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन’ का शुभारंभ करने पंचकूला आए थे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा को अपने हक का पानी जल्द ही मिलेगा। इसके लिए जल्द चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई जाएगी। हरियाणा की जो भी मांगें हैं, उसे पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री सक्षम हैं और तैयार भी हैं। वे पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि आने वाले समय में हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलेगा। यह कहना है केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का। सीआर पाटिल गत दिवस पंचकूला में जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन’ का शुभारंभ करने के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा का जो अधिकार है, उसे जरूर मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जल संरक्षण और जल संचय के लिए जन-जन में जागृति आए, इसके लिए नायब सिंह सैनी ने अपने राज्य बजट-2025-26 में बहुत से कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई है। हरियाणा को पानी की कमी से निजात दिलाने के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर संकल्पबद्ध तरीके से काम करेगी।

जल्द बुलाई जाएगी संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किशाऊ बांध परियोजना का मुद्दा उनके सामने उठाया। हिमाचल में बनने वाले इस बांध से हरियाणा, यूपी, दिल्ली और राजस्थान को पानी मिलना है। कौन राज्य कितना पैसा खर्च करेगा। इस विवाद की वजह ये किशाऊ बांध का प्रोजेक्ट लटका हुआ है। इस पर केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनको बताया है कि पानी को लेकर कुछ राज्यों के साथ समस्या है। इसे हल करना है। पाटिल ने कहा कि वह हरियाणा की पानी से जुड़ी हर समस्या का हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए बहुत जल्द संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाया जाएगा।

श्रुति ने भी किशाऊ डैम व डार्क जोन ब्लॉक का उठाया मुद्दा

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने भी मंच से किशाऊ डैम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किशाऊ डैम हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इससे संबंधित राज्यों की जल्द से जल्द बैठक बुलाई जाए और जल्द एमओयू हो। साथ ही उन्होंने बताया कि डार्क जोन में शामिल प्रदेश के सभी 88 ब्लॉकों को अटल भूजल योजना में शामिल किया जाए। अभी केवल 33 ब्लॉकों में यह योजना लागू है।

ये भी पढ़ें : न्याय नहीं मिला तो देश छोड़ दूंगा: हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा