Haryana News : हरियाणा में एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने की नायब सरकार की घोषणा ऐतिहासिक : डॉ. सतीश पूनिया

0
62
Haryana News : हरियाणा में एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने की नायब सरकार की घोषणा ऐतिहासिक : डॉ. सतीश पूनिया
Dr. Satish poonia
  • भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे बड़े किसान हितैषी: डॉ. पूनियां
  • एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने वाला पहला राज्य बना हरियाणा : डॉ. पूनियां
  • भाजपा ने ओबीसी वर्ग से सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया, ऐसी हिम्मत क्या राहुल गांधी कर सकते हैं : डॉ. पूनियां

Haryana News | चंडीगढ़। भाजपा हरियाणा प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा राजस्थान पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पंचकुला में मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार का सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय किसानों के हक में बड़ा फैसला है, जो एनडीए की मोदी सरकार की किसान हितैषी नीतियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है।

सीएम नायब सैनी का किसानों के हित में लिया गया निर्णय यह चरितार्थ करता है कि भाजपा और केंद्र की एनडीए की नरेंद्र मोदी सरकार ही अन्नदाताओं की सच्ची हितैषी है।

नायब सरकार के इस नायाब फैसले से हरियाणा के किसान और समृद्ध होंगे, उन्हें नई ताकत मिलेगी तथा देश की अर्थव्यवस्था में सहायक बनेंगे।

डॉ. पूनियां सोमवार को पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान और हरियाणा के किसानों की सुध लेने का सबसे पहला काम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की सौगात देकर किया था और इस काम को मजबूती देने का काम नरेंद्र मोदी सरकार कल्याणकारी नीतियों से कर रही है।

पूनियां ने कांग्रेस को भी घेरा, उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोटों के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है, जबकि भाजपा सभी वर्गों का समान रूप से विकास कर रही है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा 10 वर्षो से अन्नदाताओं को सही मायने में समृद्ध बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों के लिए जो बड़ी-बड़ी घोषणाएं की है वास्तव में यह एक क्रांतिकारी कदम है। किसानों का 133 करोड़ रुपये माफ करना बहुत ही बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री को साधुवाद देते हुए पूनियां ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने किसानों को ताकत और संबल देने का काम किया है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि जाति, पाति और मजहब से उपर उठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास से देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सभी धर्मों के लोग बराबर लाभ उठा रहे हैं। देश के संसाधनों पर सभी वर्गों का समान अधिकार है।

डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा की समानता की राजनीति से विपक्ष के लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में भाजपा ने देश और प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कराया है जिससे वोट की राजनीति करने वाली कांग्रेस परेशान है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है यहां के लोगों ने मुगलों और अंग्रेजों के साथ संघर्ष किया है। कांग्रेस को हरियाणा ने जगह दी, लेकिन दिल में जगह नहीं दी और समय-समय पर बदलाव करके कांग्रेस को आइना दिखाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा को हरियाणा के किसानों का हित करने के लिए 10 वर्षों का समय मिला, लेकिन हुड्डा को रोहतक के अलावा कुछ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के समय में मुख्यमंत्री सिर्फ एक जिला तक ही सीमित रहे।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग से सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया ऐसी हिम्मत क्या राहुल गांधी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विधानसभा चुनाव में किसी सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की हिम्मत रखते हैं क्या?

उन्होंने कहा कि भाजपा ने नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाकर यही संदेश दिया है कि भाजपा सभी वर्गों की पार्टी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का चहुंमुखी विकास हो रहा है। नायब सैनी समान रूप से हर वर्ग का विकास कर रहे हैं।

डा. पूनिया ने कहा कि हताश और निराश कांग्रेस की सत्ता के लिए छटपटाहट बढ़ती जा रही है, लेकिन हरियाणा की जनता कांग्रेस को 2014 में ही नकार चुकी है और इस चुनाव में सूपड़ा ही साफ कर देगी।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से समृद्ध और ताकतवर हुआ है। ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है। लोगों में देश के प्रति अनुराग पैदा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाना है।

डॉ. पूनिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद हर घर पर तिरंगा लहरा रहा है। देश का हर नागरिक ने तिरंगे की महत्ता को समझा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का युवा मोर्चा 11 अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालेगा। हर घर की छत पर तिरंगा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका पर कार्यक्रम करेगी। विभाजन विभिषिका 14 अगस्त की वह काली रात थी जिस दिन देश का विभाजन हुआ। विभाजन की त्रासदी ने हर नागरिक को झकझोर दिया था।

यह भी पढ़ें : Rajasthan News : CM Bhajan lal को मजबूत करने में जुटा भाजपा आलाकमान