Haryana Hathinikund Barrage: यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के 5 गेट खोले

0
308
Haryana Hathinikund Barrage यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के 5 गेट खोले
Haryana Hathinikund Barrage यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के 5 गेट खोले

5 gates of Hathinikund Barrage Opened In Yamuna Nagar District, चंडीगढ़: यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद हरियाणा के यमुनानगर जिले में आज हथिनीकुंड बैराज के 5 गेट खोल दिए गए। यमुना नदी के कैचमेंट एरिया में हुई बारिश के बाद बैराज पर 39,205 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था। इसके बाद पानी को बड़ी यमुना में डाइवर्ट किया गया। वेस्टर्न यमुना कैनाल में 17,510 और पूर्वी यमुना कैनाल में 3510 क्यूसेक पानी डायवर्ट किया गया है। सीजन में पहली बार पानी की बड़ी मात्रा को यमुना नदी से डायवर्ट किया गया है।

फिलहाल मिनी फ्लड की स्थिति नहीं : नवीन रंगा

सिंचाई विभाग के एसडीओ नवीन रंगा ने बताया कि जब बैराज पर एक लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया जाता है तो पूर्वी और वेस्टर्न यमुना कैनाल को बंद कर पूरा पानी बड़ी यमुना में डाइवर्ट कर दिया जाता है और मिनी फ्लड घोषित किया जाता है। उन्होंने कहा, अभी ऐसी स्थिति नहीं आई है।

इतना पानी आए तो फ्लड घोषित करते हैं

नवीन रंगा ने बताया कि ढाई लाख क्यूसेक पानी आने पर फ्लड घोषित किया जाता है। आज जो पानी छोड़ा गया है, उसके बारे में सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए निचले इलाकों में सूचना दी गई है, ताकि किसी तरह की अनहोनी ना हो। उन्होंने बताया कि कैचमेंट एरिया में बरसात होने के चलते यह पानी आया है और अभी मानसून की बरसात शुरू हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह पानी बढ़ेगा।

हिमाचल व उत्तराखंड में भारी बारिश

दरअसल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों से भारी बारिश हो रही है जिस कारण यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज पर धरातल पर उतरने वाली यमुना नदी में जलस्तर बढ़ गया है। गौरतलब है कि हर साल मॉनसूनी सीजन में हथिनीकुंड बैराज चर्चा में रहता है। यहां हर साल आरोप लगता है कि हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ दिया गया और दिल्ली में बाढ़ आ गई।

बैराज पर पानी स्टोर नहीं कर सकते

सिंचाई विभाग के अधिकारियों का साफ कहना है कि बैराज पर पानी स्टोर नहीं किया जा सकता और यह केवल पानी को डाइवर्ट करने के लिए स्थापित किया गया है। हाल ही में भीषण गर्मी के कारण जब दिल्ली में पानी की किल्लत हो गई थी तो दिल्ली सरकार ने हरियाणा पर पानी रोकने का आरोप लगाया था।