महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में हरियाणा सरकार विफल : सुधा भारद्वाज

0
129
Haryana government failed to provide security to women: Sudha Bhardwaj
Haryana government failed to provide security to women: Sudha Bhardwaj
Aaj Samaj (आज समाज),पानीपत:  हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने प्रदेश सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा करने में विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली हरियाणा सरकार के राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। सुधा भारद्वाज के नेतृत्व में महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को शहर में पानीपत में हुए सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में इंसाफ मार्च निकाला। महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। यह पुलिसिया तंत्र की सबसे बड़ी विफलता है। सुधा भारद्वाज ने कहा कि इस सरकार एक मंत्री खुद महिला यौन उत्पीड़न का आरोपी है। ऐसे में सरकार से इंसाफ की क्या उम्मीद लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज महिलाओं पर दिन दहाड़े हमले हो रहे हैं।
  • दुष्कर्म पीड़िता के लिए निकाला इंसाफ मार्च
  • राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर उठाई कार्रवाई की मांग

हर पांच मिनट में एक महिला उत्पीड़न का शिकार हो रही है

महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की घटनाएं आम हो रही हैं। हर पांच मिनट में एक महिला उत्पीड़न का शिकार हो रही है। सुधा भारद्वाज ने कहा कि चाहे पानीपत सामूहिक दुष्कर्म का शिकार महिलाएं हो या फिर महिला कोच का मामला हो। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस इन महिलाओं की आवाज उठाने में कभी पीछे नहीं हटेगी। जब तक महिलाओं को इंसाफ नहीं मिलेगा तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। महिला कांग्रेस ने शहर में रोष मार्च करते हुए लघु सचिवालय पहुंचकर सीटीएम राजेश कुमार सोनी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर सामूहिक दुष्कर्म मामले में हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर ग्रामीण प्रकोष्ठ महिला कांग्रेस अध्यक्ष सिमरन गाबा, शहरी विंग की अध्यक्ष नीलम देवी, के अलावा हिसार की जिला अध्यक्ष स्नेह लता, करनाल की अध्यक्ष नवजोत कश्यप, रेखा मलिक, राजेश सोलंकी समेत कई महिला नेत्रियां मौजूद थी।