1 पंजाबी व 2 दलित चेहरे अध्यक्ष पद की दौड़ में
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की मांग उठ रही है। जिस कारण हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस मे बदलाव की तैयारी कर ली है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पद से उदयभान की छुट्टी होनी तय मानी जा रही है।
जल्द ही उनकी जगह पर किसी नए चेहरे को मौका मिल सकता है। हरियाणा कांग्रेस की कमान गैर जाट चेहरे को दी जाएगी। 1 पंजाबी व 2 दलित चेहरे हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में बने हुए है। इस बारे में नए प्रभारी बीके हरिप्रसाद की भी राय ली जा चुकी है। इसके लिए 3 नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं।
हुड्डा गुट भी सहमत
पंजाबी चेहरे पर बात बनी तो थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा नए प्रदेश अध्यक्ष हो सकते हैं। वहीं, अगर दलित चेहरे का फैसला हुआ तो इसके लिए झज्जर से विधायक गीता भुक्कल और अंबाला से सांसद वरूण चौधरी का नाम सबसे आगे है। इन तीनों नामों पर हुड्डा गुट भी सहमत है।
कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक अगर कांग्रेस उदयभान को हटाकर किसी दूसरे समुदाय से अध्यक्ष बनाती है तो दलित समाज की नाराजगी बढ़ सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि दलित नेता को ही यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके बाद वरूण चौधरी या गीता भुक्कल को प्रधानगी मिल सकती है।
सुरजेवाला भी अध्यक्ष पद की रेस में
हालांकि, अगर कांग्रेस ने हुड्डा और उनके विरोधी गुट के बीच संतुलन का फॉर्मूला अपनाया तो राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला भी अध्यक्ष हो सकते हैं। उनके लिए सिरसा सांसद कुमारी सैलजा का गुट भी लॉबिंग कर रहा है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह भी सुरजेवाला के नाम पर राजी हैं।
हुड्डा हो सकते है नेता प्रतिपक्ष
हरियाणा विधानसभा में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ही कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष हो सकते हैं। प्रदेश के अधिकतर विधायकों की राय के बाद कांग्रेस हाईकमान इसके लिए राजी हो गया है। 7 मार्च को हरियाणा विधानसभा का बजट सेशन होना है। उससे पहले ही इसकी घोषणा हो सकती है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पूर्व सीएम के आधिकारिक आवास की होगी जांच