हरियाणा भाजपा प्रधान को भेजा आठ पन्नों का जवाब
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: अपनी ही पार्टी के सीएम और हरियाणा भाजपा प्रधान पर निशाना साधने वाले प्रदेश के परिवहन एवं बिजली मंत्री अनिल विज ने मोहन बड़ौली को शोकॉज नोटिस का जवाब दे दिया है। अनिल विज ने 8 पन्नों में अपना जवाब भेजा है।

जवाब भेजने के बाद विज ने कहा कि अगर उन्हें कुछ ओर भी चाहिए होगा तो वह भी दे दूंगा। विज ने कहा कि मैंने उस चिट्ठी को भेजने के बाद फाड़कर टुकड़े जेब में रखे हैं। जिसे जला दूंगा। विज ने नोटिस मीडिया को लीक करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहे तो इसकी जांच कराए या नहीं, यह उनकी मर्जी।

जितना में याद कर सका, सोच सका, मैंने लिखकर दे दिया

विज ने कहा कि मैं 3 दिन से बाहर गया था। बैंगलुरु से रात आया। घर गया। ठंडे पानी से नहाया। रोटी खाई और बैठकर मैंने जवाब दे दिया। रात मैंने समय से पहले जवाब भेज दिया। मुझे 3 दिन का समय दिया गया था। मैंने उसमें ये भी लिखा है कि अगर किसी और बात का जवाब चाहिए तो मुझे बता दें, वह भी मैं लिखकर दे दूंगा। जितना में याद कर सका, सोच सका, मैंने लिखकर दे दिया।

चिट्ठी जला दूंगा

विज ने कहा कि मैंने जो चिट्ठी लिखी, उसे डिस्ट्रॉय किया और कतरनें जेब में रखे हैं, इन्हें घर जाकर जला दूंगा। विज से पूछा गया कि उन्होंने जवाब में क्या लिखा तो उन्होंने कहा कि इसे मीडिया में सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।

नोटिस मीडिया में कैसे आया, यह जांच का विषय

विज ने कहा कि नोटिस मीडिया में कैसे आया? यह भी जांच का विषय है। इतनी सीक्रेट कम्युनिकेशन थी 2 लोगों के बीच में, इसे कौन लीक कर रहा है? पार्टी चाहे तो उसकी भी जांच करा सकती है। न चाहे तो पार्टी की मर्जी है। विज ने कहा कि मुझे मीडिया से ही पता चला और मैंने नोटिस भी मीडिया में ही पढ़ा।

सीएम व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर साधा था निशाना

बता दें कि विज को 2 दिन पहले सीएम नायब सैनी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें 3 दिन में जवाब मांगा गया था। विज ने कल चंडीगढ़ आने पर कहा था कि मैं जवाब हाईकमान को भेजूंगा। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि ये नोटिस सीएम की सहमति से दिया गया है तो उन्होंने कहा कि- मुझे नहीं पता किसकी सहमति से दिया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा के करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में गरीबी बढ़ी