22 मार्च को प्रदेश के 7 जिलों में होगा कार्यक्रम
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा भाजपा अबकी बार बिहार दिवस मनाने जा रही है। 22 मार्च को प्रदेश के 7 जिलों में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम होंगे। बिहार दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव है। इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने है। बिहार के लोगों को अच्छी-खासी आबादी हरियाणा में रहती है।

इसलिए बिहार के वोटर्स को लुभाने के लिए हरियाणा भाजपा ने बिहार दिवस मनाने का निर्णय लिया है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पानीपत में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बिहार सरकार के मंत्रियों और भाजपा संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

बिहार में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है भाजपा

यह आयोजन भाजपा की बिहार चुनाव की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। हरियाणा के इन सात जिलों में बिहार मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते और काम करते हैं, और इनमें से अधिकांश के पास बिहार में मताधिकार है। पार्टी इन वोटरों को साधकर बिहार में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।

प्रदेश एवं जिला समितियों का किया गठन

प्रत्येक कार्यक्रम में कम से कम एक हजार बिहार के मूल निवासियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने प्रदेश एवं जिला समितियों का गठन किया है। प्रदेश समिति की जिम्मेदारी डा. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है।

बिहार की संस्कृति और सभ्यता से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे प्रस्तुत

गुरुग्राम में पूर्व जिलाध्यक्ष और वर्तमान में बल्लभगढ़ के प्रभारी कमल यादव को जिला संयोजक बनाया गया है। उनके साथ राघवेंद्र सिंह, रामबीर भाटी और पवन कुमार को सह संयोजक बनाए गए हैं। समारोह के दौरान बिहार की संस्कृति और सभ्यता से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी भाग लेंगे। भाजपा ने बिहार के लोगों को एकजुट करने और उनके साथ स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होगी।

इसलिए चुना गया इन जिलों को

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बिहार दिवस की संयोजक डा. अर्चना गुप्ता का कहना है कि पानीपत, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बिहार मूल के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। इसलिए इन जिलों को चुना गया है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज जारी करेंगे पीएम आवास योजना की पहली किस्त

ये भी पढ़ें : पंजाब पुलिस ने हटाए किसान, आज खुलेगा शंभू बॉर्डर