कहा-जिस व्यक्ति पर 376डी लगी हो वह कैसे महिलाओं की मीटिंग ले सकता है
(आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के बिजली व परिवहन मंत्री अनिल विज ने अपनी ही पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर कड़ा प्रहार किया है। विज ने मोहनलाल बड़ौली को हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए कहा है।
उन्होंने कहा कि जिस पर आईपीसी की धारा-376डी के आरोप हों, वह महिलाओं की मीटिंग किस तरह ले सकता है। विज यहीं नहीं रूके उन्होंने कहा कि अब हम यह तो कह नहीं सकते कि महिलाओं को भाजपा से बैन कर दिया गया है। हम तो महिलाओं को 30% बढ़ा रहे हैं। ऐसे में धारा-376 का आरोपी शख्स प्रदेशाध्यक्ष नहीं रह सकता।
पार्टी की पवित्रता, सिद्धांत को बनाए रखने के लिए बड़ौली को देना चाहिए इस्तीफा
विज ने कहा कि हमारे बड़े-बड़े नेताओं पर भी आरोप लगे थे। आडवाणी पर भी आरोप लगे थे, उनका नाम आया था और उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था। मोहन लाल बड़ौली उनसे बड़े तो नहीं हैं। उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए। मेरा यह मानना है कि पार्टी की पवित्रता, सिद्धांत को बनाए रखने के लिए बड़ौली को तुरंत त्यागपत्र दे देना चाहिए। विज ने कहा कि बड़ौली खुद को निर्दोष बता रहे। गवाह ने भी यही कहा लेकिन जब तक पुलिस निर्दोष साबित नहीं कर लेती, तब तक पद से त्यागपत्र देना चाहिए।
सीएम में कोई कमी है तो टाइम आने पर बताएंगे
विज ने सीएम नायब सैनी को लेकर कहा कि अगर उनके नेतृत्व में कोई कमी है तो टाइम आने पर बताएंगे। विज ने यह भी क्लियर किया कि वह इस्तीफा देने के लिए नहीं बल्कि दिलवाने के लिए बने हैं।
ये भी पढ़ें : हरियाणा के 14 जिलों में आज हो सकती है बारिश