साढौरा और रायपुररानी की अनाज मंडी का निरीक्षण करने पहुुंचे थे कृषि मंत्री
अपने कार्यलय से गैर हाजिर मिले चारों कर्मचारी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने गत दिवस साढौरा और रायपुररानी की अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चार अधिकारी अपने कार्यालय से गैर हाजिर मिले। इस पर सख्त रूख अपनाते हुए कृषि मंत्री ने चारों अधिकारियों को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने रिकॉर्ड रजिस्टर की भी जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाले किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी सख्त हिदायत दी कि सभी कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर निर्धारित समय पर अवश्य मौजूद रहें।
इन अधिकारियों को किया सस्पेंड
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पहले साढौरा अनाज मंडी का दौरा किया। जांच के दौरान मंडी सचिव धर्मेंद्र सिंह और नीलामी रिकॉर्डर बिजेंद्र सिंह ड्यूटी से गैर हाजिर मिले। इसके बाद उन्होंने रायपुररानी अनाज मंडी का भी निरीक्षण किया, जहां मंडी सचिव नवदीप सिंह और नीलामी रिकॉर्डर राजकुमार भी अपनी ड्यूटी से गायब मिले।
अधिकारियों की अनुपस्थिति की मिल रही थी शिकायतें
कृषि मंत्री ने बताया, दोनों मंडियों में अधिकारियों की नियमित अनुपस्थिति की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की पुष्टि के लिए उन्होंने औचक निरीक्षण करने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने लगाई संगम में पवित्र डुबकी