गले में डाले गोबर के उपले
Nuh News (आज समाज) नूंह: जिले के गांव मंडारका में ग्रामीणों ने 2 युवकों के आधे सिर मुंडवाकर उनके गले में गोबर के उपले डाले। ग्रामीणों ने यह सजा युवकों को लड़कियों को छेड़ने पर दी। उक्त दोनों युवक कई दिन लड़कियों का पीछा कर उन्हें परेशान कर रहे थे। युवक लड़कियों पर पर्चियां फेंक कर भाग जाते थे। हर रोज की छेड़खानी से लड़किया परेशान हो चुकी थी। उन्हें इस बारे में परिजनों को बताया।
बुधवार को ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ कर उनके आधे सिर मुंडवा दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल-112 नंबर पर कॉल की। दोनों युवकों को पुलिस को सौंप दिया गया। तावडू सदर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पहले की पिटाई
दोनों युवक पड़ोस के ही गांव चिलावली के रहने वाले हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार दोनों युवकों को चेतावनी भी दी गई, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। बुधवार को दोनों युवक गांव में फिर से आ गए, जहां पर्ची फेंकते हुए ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। पहले तो दोनों की जमकर पिटाई की गई। बाद में दोनों के सिर मुंडवाकर उनके गले में गोबर के उपले लटका दिए गए। लोगों ने दोनों युवकों को चारपाई पर बैठाया और कहा अब शर्म आ रही है न। इस दौरान दोनों युवकों से पर्चियां भी बरामद हुईं।
ये भी पढ़ें : हिसार कोर्ट ने खारिज की बिश्नोई महासभा प्रधान बूड़िया की अग्रिम जमानत याचिका