Gurugram News : आम बजट को किसी ने कहा बेहतर तो किसी ने कहा मजबूरी वाला बजट

0
166
General BudSome called the general budget better while others called it a compulsion budgetgaet 2024 मोदी सरकार 3.0 का संसद में आज पेश होगा आम बजट टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत की उम्मीद
Some called the general budget better while others called it a compulsion budget

(Gurugram News) गुरुग्राम। मंगलवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए देश के आम बजट को सत्ताधारी पार्टी के नेताओं ने देश को विकास के पथ पर ले जाने वाला बताया है। बजट से देश में महिलाओं, युवाओं, किसानों व आम आदमी को इस बजट से लाभ होने की बात कही है। वहीं, विपक्षी नेताओं ने इस बजट को मजबूरी का बजट बताया है। गठबंधन सरकार का यह बजट सिर्फ दो राज्यों पर केंद्रित बताया है। यह बजट बैसाखियों वाला बजट कहा है।

बजट देश को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला: पवन यादव

जिला मीडिया सह-प्रमुख भाजपा पवन यादव ने बजट पर प्रतिक्रिया में कहा कि यह बजट देश को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला है। बीते 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से निकले हैं। नौजवानों को अनगिनत नए अवसर देने वाला बजट है। देश के लिए नए रोजगार-स्वरोजगार के अवसर लेकर आया है। बजट 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षा और अमृत काल के संकल्पों को पूरा करने वाला होगा। यह आत्मनिर्भर-विकसित भारत का एक दस्तावेज है। जिस अच्छी सोच के साथ देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार सरकार चला रहे हैं, उसी के अनुरूप यह बजट वित्त मंत्री ने पेश किया है। बेहतर बजट है, इसलिए विपक्ष को परेशानी हो रही है। आने वाले समय में यह बजट देश को और आगे बढ़ाएगा। कांग्रेस को बजट हजम नहीं हो रहा। बजट में जबरदस्ती बुराइयां निकाली जा रही हैं। देश का हर वर्ग इस बजट को बेहतर बता रहा है। औद्योगिक घरानों ने भी बजट की सराहना की है। इसे विकास की राह वाला बजट बताया है।

कौशल विकास पर 2 लाख करोड़ की घोषणा: अमित गोयल

भारत तिब्बत सहयोग मंच के हरियाणा प्रांत अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि आम बजट में वित्त मंत्री की ओर से नौकरी और कौशल विकास पर 2 लाख करोड़ रुपए खर्च करने का ऐलान किया गया है। यह अति सराहनीय है। देश को इसकी जरूरत थी। एजुकेशन लोन के ब्याज में छूट करते हुए इसे बढ़ाकर 10 लाख कर दिया है। इससे गरीब छात्रों को पूरा लाभ होगा। मेडिकल, इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्रों के आगे वित्तीय संकट नहीं आएगी। महिलाओं और लड़कियों को फायदा पहुंचाने वाली योजनाओं पर 3 लाख करोड़ खर्च करने की घोषणा का भी स्वागत है। अमित गोयल ने कहा कि यह बजट गरीब, महिला, युवा और अन्नदाताओं पर फोकस है। भारत की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में अपना विश्वास तीसरी बार जताया है। मुश्किल दौर में भी भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से चल रही है।

2047 तक विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट: सीकरी

बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में उद्योगपति बोधराज सीकरी ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की आशाओं, अभिलाषाओं का यह बजट सराहनीय है। इस बजट में देश के गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त करने के लिए जनभागीदारी का एक जन आंदोलन है। बजट में महिलाओं के लिए तीन लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। ग्रामीण विकास के लिए इस वर्ष 2.66 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह सराहनीय कदम है। देश में नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ किसान को सपोर्ट किया जाएगा। इसके अलावा डिजिटल खरीफ फसल सर्वे 400 जिले में किया जाएगा।े साथ ही 10 हजार बायो रिसर्च सेंटर भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों पर फोकस करते हुए कई महत्वपूर्ण और सराहनीय घोषणाएं की हैं। जैसे बजट में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को 5 साल के लिए बढ़ाया गया है, जिसका लाभ देश के 80 करोड़ लोगों को मिल रहा है। इस साल 1.48 लाख करोड़ शिक्षा और रोजगार के लिए खर्च किये जाने का प्रस्ताव है। युवाओं के रोजगार के लिए दो लाख करोड़ रुपये की पांच योजनाएं पेश की गई।

यह बजट मोदी की सरकार बचाओ योजना है: कैप्टन अजय यादव

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने बजट पर कहा कि इस बजट से ऐसा लगता है कि यह प्रधानमंत्री मोदी की सरकार बचाओ योजना है। बिहार और आंध प्रदेश का फंड आवंटन किया है। क्योंकि इन्ही प्रदेशों की बैसाखी पर मोदी सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड प्रदेश में होने वाले चुनाव में भाजपा सरकार ने अपनी हार मान ली है। तभी इन प्रदेशों को कुछ नहीं दिया गया है। मोदी सरकार के इस बजट में आंध प्रदेश को 15 हजार करोड़ और बिहार को 59 हजार करोड़ का बजट में आवंटन किया है। जिससे पहले ही बजट में गठबंधन की सरकार की झलक देखने को मिली है। पहले उड़ीसा के लिए भी मोदी सरकार ने करोड़ों रुपये की घोषणा की थी लेकिन उन्हें आज तक नहीं मिला। कैप्टन यादव ने बजट को निराशाजनक बताया है। इस बजट में जनता को राहत देने वाला कुछ भी नहीं है। केवल आंकड़ों की बाजीगरी है। पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसान के साथ संकट पैदा कर दिया है।

हरियाणा को बजट में कुछ ना देकर भाजपा ने मानी हार: पंकज डावर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने मंगलवार को पेश किए गए आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि हरियाणा को बजट में कुछ नहीं दिया गया है। यह हाल तो तब है जब हरियाणा में अगले दो महीने में चुनाव होने हैं। सरकार की इस कार्यशैली से यह कहा जा सकता है कि बीजेपी ने हरियाणा में हार मानी ली है। यह हकीकत भी है कि हरियाणा में अब बदलाव होना निश्चित है।

पंकज डावर ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से दिशाहीन है। औचित्यहीन है। जिनकी बैसाखियों से सरकार चल रही है, उन राज्यों पर सरकार ने सब कुछ लुटाने का काम किया है। बाकी देश को झुनझुना पकड़ा दिया है। महिलाओं की सुरक्षा देश में अहम मुद्दा रहता है। इसे सरकार ने दरकिनार कर दिया। युवाओं को अस्थायी रोजगार की राह दिखाकर उन्हें भटकाने का काम किया है। युवाओं को स्थायी रोजगार चाहिए, ताकि वे अपना जीवन बिना किसी चिंता के बिता सकें। भाजपा सरकार ऐसा होने नहीं देना चाहती। पंकज डावर ने कहा कि बजट बजट देश को विकास के रास्ते पर ले जाने की बजाय भटकाने वाला है।

जनता को भ्रमित करने वाला है यह आम बजट: सुखबीर तंवर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखबीर तंवर ने बजट पर प्रतिक्रिया में कहा कि यह बजट पूरी तरह से जनता को भ्रमित करने वाला है। रोजगार व महंगाई को लेकर बजट में कोई बात नहीं की गई। युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही। किसानों की समस्याएं जस की तस हैं। यह कुर्सी बचाओ बजट कहा जा सकता है। बिहार, आंध्रप्रदेश को लेकर जिस तरह से बजट में प्रावधान किया गया है, उससे साफ है कि यह बजट सरकार ने अपने सहयोगियों, बड़े औद्योगिक घरानों को खुश करने के लिए बनाया है। आम भारतीय को कोई राहत नहीं मिलेगी। तंवर ने कहा कि यह बजट देश के विकास का नहीं है, बल्कि मोदी सरकार बचाने का बजट है। अच्छे दिनों की उम्मीद करने वाले आम, गरीब व मध्यमवर्गीय आदमी के लिए इसमें कुछ नहीं है। सोना, चांदी आम आदमी की सोच व पहुंच से बाहर है। अगर सरकार को कुछ सस्ता करना था तो रसोई पर ध्यान देती। देश में गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, पिछड़ापन व कमजोर तबके के उत्थान के लिए सरकार की नीति में कुछ नजर नहीं आ रहा।

बजट किसानों, महिलाओं और युवाओं को मजबूत करने वाला है: दीपक मैनी

प्रोग्रेसिव फैडरेशन आॅफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी ने बजट को पूरी तरह से रोजगार पर केंद्रित बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं और युवाओं को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि बजट में विकास की असीम सम्भावनाएं हैं। एमएसएमई के लिए टर्म लोन की क्रेडिट स्कीम लाने की घोषणा बजट में की गई है। इलेक्ट्रिक व्हीकल्स सस्ते होंगे। इससे आॅटोमोबाइल इंडस्ट्री को फायदा होगा। 12 नए इंडस्ट्रियल पार्क बनाने की मंजूरी देना भी विकासात्मक दृष्टि से बेहतर है। 100 शहरों में इंडस्ट्रियल पार्क बनने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। बिजली के क्षेत्र में छोटे परमाणु रिएक्टर की स्थापना करके बिजली की किल्लत को खत्म करने का निर्णय भी सराहनीय है। पांच साल में एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप करने का अवसर देकर युवाओं को रोजगार की दृष्टि से मजबूत बनाया जाए। साथ ही 5 वषो्रं में 4.1 करोड़ युवाओं को नौकरी देने की घोषणा बेरोजगारी दूर करने में सहायक होगी। रोजगार निर्माण के लिए 10 लाख करोड़ का प्रावधान भी सराहनीय है।

सरकार ने सामाजिक विकास की प्रतिबद्धता दोहराई: शिशिर बैजल

नाइट फ्रैंक इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट ने दीर्घकालिक सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। पूंजीगत व्यय के लिए 11.1 लाख करोड़ का परिव्यय, जो वित्त वर्ष 2023-24 में सकल घरेलू उत्पाद के 3.3 प्रतिशत से बढकर वित्त वर्ष 2024-25 में 3.4 प्रतिशत हो गया है। देश में रेलवे, सडकों और समग्र रसद बुनियादी ढांचे के विकास के एजेंडे का समर्थन करना जारी रखेगा। राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत पहचाने गए 12 औद्योगिक पार्क प्रोजेक्ट बड़े उपक्रम हैं, जिनमें आर्थिक केंद्रों को विकसित करने के साथ रियल एस्टेट विकास को बढ़ावा देने की क्षमता है।

कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल सुविधा सराहनीय: रितु कटारिया

समाजसेवी रितु कटारिया ने बजट में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल सुविधा देने का निर्णय सराहनीय है। महिलाओं को बजट में विशेष महत्व देकर सरकार ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आम, मध्यमवर्गीय कामकाजी महिलाओं को हॉस्टल मिलने से उनमें काम करने के प्रति सकारात्मक सोच आएगी। वे निडर, निर्भर होकर काम करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि किराये के आवास को बढ़ावा देने के लिए की गई पहल औद्योगिक श्रमिकों के लिए हॉस्टल का निर्माण महत्वपूर्ण बिंदू है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए 1.48 लाख करोड़ का घर खरीदने वालों की आय बढ़ाने में भी यह बजट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

महिलाओं को रहने के लिए हॉस्टल सुविधा जरूरी: अन्नू यादव

समाजसेवी अन्नू यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम बजट में महिलाओं के लिए जो हॉस्टल सुविधा में बढ़ोतरी करने की बात कही है, वह महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है। उन्हें आर्थिक बचत भी होगी। अनेकों महिलाएं अपने कामकाजी जीवन में खुद का सुरक्षा को भी महत्व देती हैं। उन्हें रहने के लिए सही जगह मिलती है तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने देश में खुद को साबित करके दिखाया है। सरकार को भी चाहिए कि वह महिलाओं को सुविधाएं देकर उनका हौंसला बढ़ाए। वर्तमान सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश को विकासशील बनाने में महिलाओं की भी अहम भूमिका है। ऐसे में महिलाओं को किसी भी तरह से बैकफुट पर नहीं रखा जा सकता।

 

यह भी पढ़ें: Jind News : लव मैरिज के मामले में माता.पिता की सहमति को जरूरी बनाने की मांग

यह भी पढ़ें: Jind News : किसान छात्र एकता संगठन ने छात्रों की समस्याओं को लेकर कुलपति को सौंपा ज्ञापन

 यह भी पढ़ें: Jind News : होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से मचा हडकंप