• प्रतियोगिता 7 से 14 फरवरी तक देहरादून के महाराणा प्रताप कॉलेज मेें चल रही है स्पर्धा
  • हरियाणा ने राष्ट्रीय खेलों में दूसरी बार जिम्नास्टिक में पदक जीता

(Gurugram News) गुरुग्राम। 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा की पुरुष जिम्नास्टिक टीम ने कांस्य पदक जीता है। यह प्रतियोगिता देहरादून के महाराणा प्रताप कालेज में 7 से 14 फरवरी के बीच हुई। हरियाणा की टीम ने राष्ट्रीय खेलों में दूसरी बार जिम्नास्टिक में पदक जीता है।

हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन

हरियाणा की टीम ने 204.90 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस कठिन मुकाबले में सर्विसेज पहले और उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। यह हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन है। हरियाणा के होनहार जिमनास्टिक्स खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय खेलों में कांस्य पदक जीत कर हरियाणा का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से पूरे हरियाणा के जिमनास्टिक्स खिलाडिय़ों में खुशी की लहर दौड़ रही है।

खिलाडिय़ों को तकनीकी बारीकियां सिखाकर उन्हें जीत के लिए तैयार किया

हरियाणा की टीम की इस सफलता का श्रेय उनके प्रशिक्षक संदीप कुमार को दिया जाता है, जिन्होंने खिलाडिय़ों को तकनीकी बारीकियां सिखाकर उन्हें जीत के लिए तैयार किया। टीम में शामिल योगेश्वर सिंह, साहिल यादव, सागर, सारांश और जतिंदर ने शानदार प्रदर्शन किया। हरियाणा जिमनास्टिक टीम के मैनेजर और हरियाणा जिम्नास्टिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष परसराम ने बताया कि हरियाणा सरकार और खेल विभाग ने खिलाडिय़ों को हर संभव सुविधा प्रदान की, जिससे उन्हें राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने में मदद मिली।

उन्होंने इस जीत को खिलाडिय़ों के साथ-साथ सरकार के प्रयासों की भी जीत बताया। हरियाणा जिमनास्टिक संघ के प्रधान सूरजपाल अम्मू ने सभी खिलाडिय़ों को बधाई दी और उनके गुरुग्राम लौटने पर भव्य स्वागत करने की बात कही।

अम्मू ने कहा कि इस जीत से हरियाणा के खिलाडिय़ों में एक नई ऊर्जा आएगी, ओर भी नए खिलाड़ी तैयार होंगे, जिससे हरियाणा में जिम्नास्टिक्स में ओर भी सुखद परिणाम मिलेंगे। हरियाणा जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान मुकेश शर्मा एवं उपप्रधान अरुण यादव ने भी सभी खिलाडिय़ों को जीत की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें :  Gurugram News : हरियाणा में लोगों के जीवन को सरल व सुगम करना सरकार की प्राथमिकता: नायब सिंह सैनी