- हताहत एमपी के गुना, शिवपुरी व अशोक नगर जिला निवासी
- बस पर से चालक का नियंत्रण खोने के कारण हुई दुखद दुर्घटना
Bus Accident In Gujarat, (आज समाज), गांधीनगर: गुजरात के डांग जिले में तीर्थयात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई है। पुलिस के अनुसार हादसा आज सुबह हुआ और इसमें 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए, जिनमें 17 गंभीर हैं। कुछ अन्य को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना का शिकार हुई बस प्राइवेट है और हादसे का शिकार हुए मध्यप्रदेश निवासी श्रद्धालु इसमें सवार होकर विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा पर निकले थे।
ये भी पढ़ें : Mahakumbh 2025: 77 देशों के 118 सदस्यीय राजनयिक प्रतिनिधिमंडल ने भी त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर कमाया पुण्य
क्रैश बैरियर तोड़कर 35 फीट गहरी खाई में गिरी बस
प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसजी पाटिल (SG Patil) के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 4.15 बजे सापुतारा हिल स्टेशन के पास चालक के बस पर से नियंत्रण खोने के कारण हुई। उन्होंने बताया कि बस में 48 तीर्थयात्री सवार थे। क्रैश बैरियर तोड़ते हुए बस करीब 35 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
पांचों की मौके पर ही मौत
मृतकों में बस चालक सहित 3 पुरुष और दो महिलाएं हैं। उनकी पहचान बस चालक रतनलाल जाटव, दो अन्य पुरुष भोलाराम कोसवा और बिजरोनी यादव और दो महिलाओं गुड्डीबाई यादव और कैलाशबाई यादव के रूप में हुई है। पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। डांग कलेक्टर महेश पटेल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना तब हुई जब तीर्थयात्रियों को ले जा रही चार बसों में से एक खाई में गिर गई।
ये भी पढ़ें : Chhattisgarh Encounter: सुरक्षा बलों ने बीजापुर में ढेर किए 8 नक्सली, हथियार मिले
त्र्यंबकेश्वर से गुजरात के द्वारका के लिए निकले थे यात्री
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुल 35 यात्रियों का इलाज नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में चल रहा है, जिनमें से 17 को जिले के आहवा के सिविल अस्पताल में रेफर किया गया है। एसजी पाटिल के अनुसार बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि यात्री रात में महाराष्ट्र के नासिक जिले के धार्मिक स्थल त्र्यंबकेश्वर से गुजरात के द्वारका के लिए निकले थे।
चाय के ब्रेक के लिए सापुतारा में रुकी थी बस
अधिकारी ने कहा कि वे अपनी यात्रा फिर से शुरू करने से पहले चाय के ब्रेक के लिए सापुतारा में कुछ देर रुके थे, तभी पहाड़ी स्टेशन से 2.5 किलोमीटर दूर यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोक नगर जिलों के तीर्थयात्री 23 दिसंबर, 2024 को विभिन्न राज्यों के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर चार अलग-अलग बसों में सवार होकर निकले थे। संभावना है कि ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
ये भी पढ़ें : PM Modi: प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दी बसंत पंचमी व सरस्वती पूजा पर शुभकामनाएं