15 अप्रैल को हुई थी सगाई, 19 अप्रैल को होनी थी शादी
Faridabad News (आज समाज) फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर होने वाले पति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। युवक को इतना पीटा गया की वह कोमा में चला गया था। अब इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया है। घटना दिल्ली से सटे फरीदाबाद के आईएमटी इलाके की है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक गौरव की शादी 19 अप्रैल को होनी थी। 15 अप्रैल को उसकी लग्न सगाई हुई थी। शादी से दो दिन पहले होने वाली दुल्हन ने अपने प्रेमी को गौरव की फोटो और पता भेज दिया। इसके बाद प्रेमी सौरव नागर ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीड़ित के हाथ-पैर तोड़ दिए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेजा जाएगा।
लड़की का परिवार फरार
लड़की बल्लभगढ़ की तिरखा कॉलोनी की रहने वाली है। घटना के बाद से लड़की का परिवार फरार है। पुलिस ने आरोपी सौरव नागर और सोनू को गिरफ्तार किया है। मृतक के पिता प्रेम चंद ने बताया कि 15 अप्रैल को ही दोनों की सगाई हुई थी। 19 अप्रैल को शादी होनी थी। शादी से दो दिन पहले होने वाली दुल्हन ने अपने प्रेमी को गौरव की फोटो और पता भेज दिया। इसके बाद प्रेमी गौरव नागर ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया। पीड़ित के परिवार ने बताया कि आरोपी प्रेमी तिगांव गांव का रहने वाला है। आरोपियों में प्रेमी गौरव नागर, उसका साथी सोनू और तीन अन्य शामिल हैं।
गले से सोने की चैन और अंगूठी भी छीनी
परिजनों ने बताया कि घायल युवक गौरव ने उन्हें बेहोश होने से पहले आरोपियों सौरव नागर, सोनू और अन्य 3 अज्ञात युवकों द्वारा हमले के बारे में और प्रिया द्वारा दी गई तस्वीर और पते के बारे में बताया था। परिजनों ने बताया कि पीड़ित युवक के मुताबिक जाने से पहले आरोपियों ने उसके गले से सोने की चैन और अंगूठी भी अपनी बताते हुए छीन ली।
पत्नी व अन्य आरोपियों की गिरफ्तार की मांग
परिजनों को कहना है कि जब तक गौरव की होने वाली पत्नी व अन्य आरोपियों की गिरफ्तार नहीं हो जाते तब तक वह गौरव के शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। भले ही उन्हें गौरव के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम करनी पड़े या प्रदर्शन करना पड़े। वह किसी भी हद तक जाकर गौरव के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
मुख्य आरोपी सौरव और उसका साथी सोनू गिरफ्तार
वहीं इस मामले में सदर थाना एसएचओ उमेश ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी सौरव और उसके साथी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जिसका भी दोष पाया जाएगा उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : पानीपत के सिविल अस्पताल में कार्यरत महिला फार्मासिस्ट बर्खास्त, हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह भी पढ़ें : हरियाणा के पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में हो सकती है बारिश