जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुआ हमला, कोई जानी नुकसान नहीं हुआ
Punjab Crime News (आज समाज), जालंधर : प्रदेश में एक बार फिर से अपराधियों ने पुलिस को चुनौती पेश करते हुए रात करीब एक बजे भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड से हमला किया। जिस समय हमला किया गया उस समय भाजपा नेता सहित उनका परिवार घर के अंदर मौजूद था। हालांकि इससे कोई बहुत बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन एक बड़े नेता के घर पर इस तरह का हमला कई सवाल खड़े कर गया। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी में कैद हुआ हमलावर
सीसीटीवी की जांच की गई तो सामने आया कि एक आरोपी ने ई-रिक्शा से उतर कर हैंड-ग्रेनेड का लीवर निकालकर पूर्व मंत्री के घर के अंदर फेंका। जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया। पूर्व मंत्री के घर में ब्लास्ट से काफी नुकसान हुआ है। जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि रात करीब एक बजे हमें यहां विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने बताया कि उन्होंने गड़गड़ाहट की आवाज सुनी।
भाजपा ने साधा प्रदेश सरकार पर निशाना
जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर में आतंकी हमले पर राजनीति गरमा गई है। पूरा विपक्ष एकजुट होकर सरकार पर हमलावर हो गया है। वहीं मान सरकार के मंत्री एक्शन लेने की बात कह रहे हैं। देर रात धमाके के बाद केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू मनोरंजन कालिया का हालचाल जानने के लिए जालंधर पहुंचे। बिट्टू ने कहा कि इस तरह के हमलों से पूरा पंजाब और देश दहल गया है क्योंकि पंजाब ऐसी चीजों से गुजरा है और तब भी इस तरह से ग्रेनेड नहीं फेंके जा रहे थे।
मनोरंजन कालिया पंजाब में भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और रात में उनके गेट पर ग्रेनेड फेंके जाते हैं। राज्य सरकार पूरी तरह से यहां नियंत्रण खो चुकी है, हर दिन पुलिस थानों पर ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं। पंजाब में आतंक का माहौल है। आम आदमी पार्टी सिर्फ लूट करने आई है, उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा नेता ने सीएम के इस्तीफे की मांग भी की है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में नई शिक्षा क्रांति की शुरुआत : मान
ये भी पढ़ें : Gold Price Today : सोना और चांदी के दाम में भारी गिरावट