हरियाणा सरकार ने जारी किया नोटिस
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने ग्रेड सी और डी वाले खिलाड़ियों के खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट रद्द कर दिए है। खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट रद्द करने को लेकर सरकार की तरफ से नोटिस जारी कर दिया गया। खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट रद्द करने को लेकर जो सूची जारी की है उसमें 76 खिलाड़ियों के नाम है। यह सर्टिफिकेट अंबाला, रोहतक, गुरुग्राम और हिसार खेल बोर्ड द्वारा जारी किए गए थे।

जिन खिलाड़ियों के सर्टिफिकेट रद्द किए गए है। खेल कोटे से सरकारी नौकरी के हकदार नहीं होेंगे। खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट रद्द करने का नोटिस हरियाणा खेल विभाग के उपनिदेशक मनजीत सिंह की ओर से जारी किया गया है।

जांच में नियमों के विरुद्ध पाए गए सर्टिफिकेट

उपनिदेशक की ओर से जारी नोटिस में लिखा है कि खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र रद्द करने के बारे में निर्देशित किया जाता है कि आपके कार्यालय (अंबाला, रोहतक, गुरुग्राम, हिसार) ने हरियाणा राज्य के कई खिलाड़ियों को ग्रेड-सी और डी के खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट जारी किए हैं। निदेशालय में गठित ग्रेडेशन वेरिफिकेशन कमेटी की ओर से जब इस इन सर्टिफिकेट की जांच की गई तो ये विभागीय नीति के नियमों के विरुद्ध पाए गए हैं। इसलिए, इन्हें रद्द किया जाता है।

खिलाड़ियों को अपनी बात रखने का मिलेगा मौका

जिलों के खेल उपनिदेशकों को निर्देश दिए जाते हैं कि इन सभी खिलाड़ियों को अपनी बात रखने का उचित मौका दिया जाए और कमियां दूर न होने पर इनके खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट रद्द किए जाएं। हरियाणा में विभिन्न श्रेणियों के खेलों के लिए अलग-अलग अधिकारियों की ओर से खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं। इनसे खिलाड़ियों को राज्य में सरकारी नौकरी का हक मिलता है।

खेल कोटे से नौकरी का नहीं मिलेगा लाभ

राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के लिए खेलने वाला कोई भी खिलाड़ी या जो हरियाणा का मूल निवासी है और राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के अलावा किसी अन्य राज्य या संघ राज्य क्षेत्र का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, वह प्रमाण पत्र के लिए पात्र होगा।

जिन खिलाड़ियों के प्रमाण पत्र रद्द कर दिए गए हैं, अब उन्हें नई खेल नीति 25 मई 2018 के अनुसार अपना प्रमाण पत्र बनवाना होगा। अगर इन नए नियमों के तहत प्रमाण पत्र नहीं बनाएंगे तो ग्रुप डी की सरकारी नौकरी में खेल कोटे का लाभ नहीं मिलेगा।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में महंगी हो सकती है बिजली