Hisar News : हिसार के उकलाना में सरकारी टीचर की तीसरी पत्नी ने खाया जहर

0
156
हिसार के उकलाना में सरकारी टीचर की तीसरी पत्नी ने खाया जहर
हिसार के उकलाना में सरकारी टीचर की तीसरी पत्नी ने खाया जहर

Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा में एक सरकारी टीचर की तीसरी पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मामला हिसार के उकलाना क्षेत्र के गांव मदनपुरा का है। जहां 35 वर्षीय विवाहिता दर्शना ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतका का पति 40 वर्षीय विनोद कुमार 2 साल से गांव नगला के सरकारी स्कूल में पढ़ा रहा था। इससे पहले विनोद कुमार की दो शादी हो चुकी है। विनोद की पहली शादी 2014 में हुई थी और 2 साल बाद ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद विनोद ने 2017 में दूसरी शादी की और डेढ़ साल बाद दूसरी पत्नी भी छोड़कर चली गई। इसके बाद विनोद ने अप्रैल 2023 में तीसरी शादी की। विनोद की तीसरी पत्नी का पहले से ही एक बेटा है जो 14 साल का है। पुलिस ने तीसरी पत्नी दर्शना के परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मृतका के पति से भी पूछताछ कर रही है। दर्शना के परिजनों के अनुसार मदनपुरा निवासी करीब 40 वर्षीय विनोद 2 साल से गांव नगला में सरकारी अध्यापक के पद पर कार्यरत है। विनोद की अब तक कुल 3 शादियां हो चुकी हैं और मृतका के साथ यह उसकी तीसरी शादी थी। वहीं मृतका की यह दूसरी शादी थी और पहली शादी से उसका एक बेटा था जो यहीं उसके साथ रहता है। उन्होंने बताया कि 3 दिन पहले विनोद की मृतका से फोन पर बातचीत हुई थी और दोनों के बीच कुछ कहासुनी भी हुई थी। जिसमें मृतका का पति उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। जिसके बाद मृतका ने घर पर ही कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए उकलाना के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की आत्महत्या के बाद उकलाना तहसील स्थित अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतका के परिजनों के अलावा रिश्तेदार पूरी पंचायत के साथ अस्पताल पहुंचे हैं। उकलाना थाने में इंस्पेक्टर गुरमिंदर सिंह ने बताया कि विवाहिता की जहर निगलने से मौत का मामला आया है। अभी रिपोर्ट मिली है। हम सभी पक्षों से बात करेंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चल पाएगा।