Himachal News : अडानी और सेबी की कथित सांठगांठ की जांच कराए सरकार : कांग्रेस  

0
112
अडानी और सेबी की कथित सांठगांठ की जांच कराए सरकार : कांग्रेस  
अडानी और सेबी की कथित सांठगांठ की जांच कराए सरकार : कांग्रेस  
Himachal News (आज समाज) शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं महाराष्ट्र कांग्रेस के महासचिव अतुल लोढे पाटिल ने केंद्र की भाजपा सरकार से पूछा है कि वह अडानी व सेबी की कथित आर्थिक अनिमितताओं की जेपीसी जांच करवाने से क्यों घबरा रही है। उन्होंने कहा है कि देश जानना चाहता है कि केंद्र की मोदी सरकार अडानी पर इतनी मेहरबान क्यों है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए अतुल लोढे पाटिल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने वित्त सेक्टर पर निगरानी रखने वाली सर्वोच्च संस्था सेबी की साख को भी दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि सेबी प्रमुख ने जिस प्रकार से लाखों शेयर निवेशकों को नुकसान पहुंचा कर अडानी को लाभ पहुंचाया है वह बहुत ही गंभीर मामला है। इसलिए सेबी के अध्यक्ष को उनके पद से हटाकर इसकी जांच बहुत ही जरूरी है।
पाटिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित पर आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रख कर देश की सम्पत्तियां अडानी को बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर पोर्ट तक अडानी को दिए जा रहे हैं। नीति आयोग व वित्त मंत्रालय की आपत्तियों के बाबजूद छह एयरपोर्ट अडानी को सौंपे गए हैं। इसके अलावा किसी भी प्रतिस्पर्धा बोली में शामिल हुए बगैर निजी बन्दरगाह के मालिकों पर सरकारी छापों की मदद से आज अडानी देश के सबसे बड़े बंदरगाह ऑपरेटर बन गए हैं।