Wiz को भी गूगल के Cloud Services डिवीजन में किया जाएगा शामिल
(आज समाज) नई दिल्ली: गूगल ने क्लाउड साइबर सुरक्षा स्टार्टअप Wiz को 32 बिलियन डॉलर में खरीदने की पुष्टि की है। यह एक आॅल-कैश डील होगी और गूगल के इतिहास की सबसे बड़ी अधिग्रहण डील्स में से एक मानी जा रही है। गूगल की पेरेंट कंपनी Alphabet ने इससे पहले 2022 में Mandiant नामक साइबर सुरक्षा कंपनी का अधिग्रहण 5.4 बिलियन डॉलर में किया था। Wiz को भी गूगल के Cloud Services डिवीजन में शामिल किया जाएगा, जो गूगल के मुख्य सर्च बिजनेस की तुलना में कम प्रभावशाली है।
2026 तक पूरा होगा अधिग्रहण
गूगल इससे पहले 2024 में Wiz को खरीदने की कोशिश कर चुका था, लेकिन 23 बिलियन डॉलर की उस डील को कंपनी के को-फाउंडर्स ने ठुकरा दिया था। अब गूगल ने करीब 10 बिलियन डॉलर अधिक देकर यह डील फिर से फाइनल की है। यह अधिग्रहण 2026 तक पूरा होने की संभावना है, जो नियामक अनुमोदन और अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं पर निर्भर करेगा।
क्लाउड बिजनेस को मजबूत करना चाहता गूगल
गूगल का यह अधिग्रहण ऐसे समय पर हो रहा है जब क्लाउड सर्विस मार्केट में प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। AWS (Amazon Web Services) और Microsoft Azure जैसी कंपनियां जनरेटिव AI को होस्ट करने के लिए क्लाउड सेवाओं की होड़ में लगी हुई हैं। गूगल के पास क्लाउड मार्केट में केवल 15% हिस्सेदारी है, जो AWS और Azure से काफी कम है। ऐसे में, Wiz की एडवांस्ड साइबर सुरक्षा तकनीक के जरिए गूगल अपने क्लाउड बिजनेस को मजबूत करना चाहता है।