92150 रुपए प्रति दस ग्राम हुई कीमत, चांदी भी 1300 रुपए हुई मजबूत
Gold-Silver Price Today (आज समाज), बिजनेस डेस्क : नवरात्र और ईद जैसे त्योहार आने के कारण और ग्राहकों द्वारा की जा रही खरीदारी के चलते शुक्रवार को एक बार फिर से सोने और चांदी के रेट में तेजी देखी गई। सोने के रेट जहां 1100 रुपए प्रति दस ग्राम ज्यादा रहे वहीं चांदी भी 1300 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हुई।
वहीं वैश्विक बाजार में भी शुक्रवार को सोने की कीमत लगातार दूसरे दिन 3,077-3,078 डॉलर के बीच रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। दिल्ली के सरार्फा बाजार में सोना 1,100 रुपये बढ़कर 92,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही चांदी भी 1,300 रुपए बढ़कर 1,03,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। घरेलू सरार्फा बाजार में सोने-चांदी में इस तेजी के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों में बढ़ोतरी का असर माना जा रहा है।
दो दिन में करीब 1500 रुपए महंगा हुआ सोना
दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को 99.9% प्योरिटी वाले सोने की कीमत 1,100 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 92,150 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इससे पहले गुरुवार को यह 91,050 रुपये पर बंद हुआ था। इसी तरह, 99.5% प्योरिटी वाले सोने की कीमत 1,100 रुपये की बढ़त के साथ 91,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष की शुरुआत से अब तक गोल्ड की कीमतों में 35% यानी 23,730 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।
दूसरी तरफ विशेषज्ञों का कहना है कि कुल मिलाकर, सोने और चांदी की कीमतों में आई यह तेजी निवेशकों के सेफ एसेट्स की ओर झुकाव, ग्लोबल इकॉनमी में उथल-पुथल और अमेरिकी टैरिफ पॉलिसी से प्रभावित है। इसी के चलते यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इन दोनों कीमती धातुओं के दाम में और भी ज्यादा तेजी देखने को मिल सकती है।
ऐसे जांचे सोनी की शुद्धता
सभी कैरेट सोने का हॉलमार्क नंबर अलग-अलग होता है। उदाहरण के लिए, 24 कैरेट सोने का मान 999, 23 कैरेट सोने का मान 958, 22 कैरेट सोने का मान 916, 21 कैरेट सोने का मान 875 और 18 कैरेट सोने का मान 750 होता है। इससे शुद्धता पर कोई संदेह नहीं रह जाता। 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल मुख्य रूप से आभूषण बनाने में होता है। यह सोना 91.6 प्रतिशत शुद्ध होता है।