नई दिल्ली। आखिरकार 31 साल के स्टार आॅलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मैक्सी ने बुधवार को अपने एंगेजमेंट का ऐलान कर दिया। वह अपनी उसी महिला मित्र से शादी करेंगे, जिसके बारे में उन्होंने खुलासा किया था कि उसी के हौसले की वजह से वह दोबारा क्रिकेट में लौटे। वह विनी रमन हैं, जिन्होंने मैक्सवेल के मानसिक स्वास्थ्य मुद्दों की पहचान की थी। दरअसल, वह मानसिक और शारीरिक तौर पर काफी थक चुके थे, जिसके कारण उन्हें अक्टूबर में मानसिक स्वास्थ्य की वजह से विश्राम लेने को मजबूर होना पड़ा था।
आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से इस बार जलवा बिखेरने से पहले इस धुरंधर ने साफ कर दिया कि उन्होंने भारतीय मूल की विनी रमन से सगाई कर ली है। पंजाब की टीम ने उन्हें 2020 के लिए हुए आॅक्शन में 10.75 करोड़ रुपये लगाए हैं। मैक्सवेल और विनी 2017 से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और बुधवार 26 फरवरी को अपनी सगाई की घोषणा की।
मैक्सवेल 2019 की शुरुआत में विनी को आॅस्ट्रेलियन क्रिकेट अवॉर्ड्स में ले गए थे। कुछ महीने पहले ही यह जोड़ी यूरोप की यात्रा पर गई थी। दाहिने हाथ का यह बल्लेबाज विनी के साथ शादी के बंधन में बंधते ही भारतीय युवती से शादी करने वाला दूसरा आॅस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन जाएगा। शॉन टेट इंडियन गर्ल से शादी कर चुके हैं। जिस तरह से मेलबर्न में रहनेवाली विनी और मैक्सवेल अपनी तस्वीरें साझा कर रहे हैं, उससे ऐसा लग रहा है कि यह जोड़ी अपने रिश्ते को अगले चरण में ले जाने के लिए तैयार है। एक-दूसरे को डेट करने की खबरें तब सच हुईं, जब विनी ने 2017 में अपने बॉयफ्रेंड के साथ तस्वीर अपलोड की।