
सोनीपत के भाजपा नेता अमित बिंदल ने किया दावा
कहा- पूर्व भाजपा सांसद ने रची साजिश, 50 लाख का लालच देकर दर्ज कराया केस
(आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली को अध्यक्ष पद से हटाने के लिए उनपर गैंगरेप का केस दर्ज कराया गया। भाजपा के ही पूर्व सांसद ने बडौली के खिलाफ साजिश रची। भाजपा के ही कई नेता इस मामले के उछालने पर लगे है। ताकि बडौली को पद से हटाया जा सके। यह दावा सोनीपत से भाजपा नेता अमित बिंदल ने किया है। अमित बिंदल हनीट्रैप केस में पुलिस हिरासत में है। इस मामले में सिंगर रॉकी मित्तल को भी आरोपी बनाया गया था।
अमित बिंदल ने और भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए है। उनका कहना है कि युवती को केस दर्ज कराने के बदले 50 लाख रुपए का लालच दिया गया। पूरी साजिश मैंने रची। लेकिन इन सबके पीछे भाजपा के पूर्व सांसद का हाथ है। जिनके कहने पर उसने महिला को केस दर्ज कराने का दबाव बनाया। बड़ौली के खिलाफ महिलाओं के प्रदर्शन के पीछे भी यही नेता था। बिंदल का दावा है कि बड़ौली को अध्यक्ष पद से हटाने के लिए यह पूरा खेल रचा गया।
मुझे और महिला को मोटी फंडिंग भी की गई
बिंदल ने 4 दिन के रिमांड में कहा कि इस पूरी साजिश में भाजपा के ही पूर्व सांसद का हाथ है। इसके अलावा बड़ौली के भी कुछ करीबी इस साजिश में शामिल हैं। उन्हें बड़ौली को फंसाने का टास्क दिया गया था। इसके लिए मुझे और महिला को मोटी फंडिंग भी की गई। बिंदल ने कहा कि पूर्व सांसद को शक था कि लोकसभा चुनाव के वक्त जानबूझकर ऐसी हरकत की गई कि जिससे उनका टिकट कट गया। जिसके बाद यहां से मोहन लाल बड़ौली ने चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गए थे।
महिलाओं को लेकर उसी होटल में रूकने का कहा जहां बडौली ठहरे थे
महिला ने शिकायत में कहा था कि वह अपने बॉस अमित बिंदल और सहेली के साथ कसौली घूमने गई थी। इसी दौरान बड़ौली और रॉकी मित्तल उसे हीरोइन बनाने और सरकारी नौकरी का झांसा देकर होटल के कमरे में ले गए। जहां शराब पिलाकर उसका गैंगरेप किया। इसको लेकर बिंदल ने बताया कि उन्हें पता था कि बड़ौली कसौली गए हैं और उसी होटल में रुके हैं। इसलिए उसे कहा गया कि महिलाओं को लेकर उसी दिन वहां जाओ और उसी होटल में रुको, जहां बड़ौली रुके हुए हैं।
प्रदर्शन की प्लानिंग की
बिंदल ने पुलिस को बताया कि गैंगरेप केस में पता चल रहा था कि हिमाचल पुलिस कसौली में दर्ज मामले में बड़ौली को क्लीन चिट देने वाली है। इसलिए पुलिस पर दबाव बनाने के लिए कसौली में पीड़ित और उसके साथ दूसरी महिलाओं के प्रदर्शन की प्लानिंग थी। इससे पहले भी सोनीपत, रोहतक और करनाल में दबाव बनाने के लिए उसकी कंपनी की महिलाओं ने प्रदर्शन भी किया था।
रॉकी मित्तल को लग गई मामले की भनक, दर्ज कराया हनीट्रैप का केस
बिंदल ने कहा कि बड़ौली के विरोधी इस मामले को लंबा खींचना चाहते थे। इस वजह से जब पता चला कि कसौली में पुलिस ने केस में बड़ौली को क्लीन चिट दे दी है तो उन्होंने हिमाचल हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर ली थी। इस बारे में पूरी प्लानिंग भी हो गई थी। मगर, उससे पहले रॉकी मित्तल ने हनीट्रैप केस दर्ज करवा उन्हें गिरफ्तार करा दिया। इसकी वजह से उनकी सारी योजना फेल हो गई।
बड़ौली से पैसे ऐंठने और उन्हें अध्यक्ष पद से हटवाना चाहते थे भाजपा के नेता
पुलिस पूछताछ में बिंदल ने कहा कि भाजपा के ही कुछ नेता महिलाओं के जरिए बड़ौली से पैसे ऐंठने और उन्हें अध्यक्ष पद से हटवाना चाहते थे। इसी वजह से सारी साजिश रची गई। इस मामले में पुलिस को बिंदल के मोबाइल से कुछ लोगों के नंबर मिले हैं, जिनके तार इस पूरी साजिश से जुड़े हो सकते हैं।
14 जनवरी को एफआईआर की कॉपी आई सामने
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और हरियाणवी सिंगर रॉकी मित्तल पर हिमाचल के कसौली पुलिस थाने में 13 दिसंबर 2024 को गैंगरेप की एफआईआर दर्ज की गई थी। 14 जनवरी को अचानक एफआईआर की कॉपी सामने आई तो इसके बारे में पता चला।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, 2 दिन हल्की बारिश की संभावना