देश में इस समय जिस तरह से शिक्षण संस्थानों तक को ध्रुवीकरण व तुष्टीकरण के दायरे में लाया जा चुका हैए गांधी ऐसा भारत तो कभी नहीं चाहते थे। वे सर्वग्राह्य शिक्षा पद्धति के पक्षधर थे, किन्तु अब तो शिक्षण संस्थान भी धर्म के आधार पर बंटे से नजर आ रहे हैं। वहां पढ़ाई से ज्यादा धार्मिक नारों की गूंज सुनाई दे रही है। शिक्षण संस्थानों में धार्मिक नारों की गूंज से मुक्ति के बिना गांधी के सपनों वाले भारत की प्राप्ति संभव नहीं है। महात्मा गांधी हिन्दुओं व मुसलमानों के बीच विचारों के समन्वय के पक्षधर थे। यंग इंडिया में 25 फरवरी 1920 को लिखे अपने लेख में उन्होंने लिखा कि यदि मुसलमानों की पूजा पद्धति व उनके तौर-तरीकों व रिवाजों को हिन्दू सहन नहीं करेंगे या यदि हिन्दुओं की मूर्ति पूजा व गोभक्ति के प्रति मुसलमान असहिष्णुता दिखाएंगे तो हम शांति से नहीं रह सकते। उनका मानना था कि एक दूसरे के धर्म की कुछ पद्धितयां नापसंद भले ही हों, किन्तु उसे सहन करने की आदत दोनों धर्मों को डालनी होगी। वे मानते थे कि हिन्दुओं व मुसलमानों के बीच के सारे झगड़ों की जड़ में एक दूसरे पर विचार लादने की जिद ही मुख्य बात है। बापू के इन विचारों के सौ साल बात भी झगड़े जस के तस हैं और वैचारिक दूरियां और बढ़ सी गयी हैं। गांधी धर्म के नाम पर अराजकता व गुंडागर्दी के सख्त खिलाफ थे। यंग इंडिया में 14 सितंबर 1924 को उन्होंने लिखा था कि गुंडों के द्वारा धर्म की तथा अपनी रक्षा नहीं की जा सकती। यह तो एक आफत के बदले दूसरी अथवा उसके सिवा एक और आफत मोल लेना हुआ। गांधी भले ही धर्म की रक्षा के नाम पर किसी तरह की अराजकता के पक्षधर नहीं थे किन्तु पूरे देश पिछले कुछ दिनों से जिस तरह धार्मिक नारों के साथ धर्म को खतरे में बताकर धर्म की रक्षा के लिए सड़क तक हिंसक व अराजक आंदोलन हुए हैं, वे सब गांधी के विचारों की हत्या ही कर रहे थे। गांधी देश में किभी तरह के साम्प्रदायिक विभाजन के खिलाफ थे। उनका मानना था कि साम्प्रदायिक लोग हिंसा, आगजनी आदि अपराध करते हैं, जबकि उनका धर्म इन कुकृत्यों की इजाजत नहीं देता। 6 अक्टूबर 1921 को प्रकाशित यंग इंडिया के एक लेख में उन्होंने लिखा कि हिंसा या आगजनी कोई धर्म-सम्मत काम नहीं हैं, बल्कि धर्म के विरोधी हैं लेकिन स्वार्थी साम्प्रदायिक लोग धर्म की आड़ में बेशर्मी से ऐसे काम करते हैं। पूरा देश इस समय हिन्दू-मुस्लिम विभाजन की आग में जल रहा है। आपस में विश्वास का कम होना सबसे बड़ा संकट है। महात्मा गांधी ने सौ साल पहले यानी 1920 में इस संकट को भांप कर रास्ता सुझाया था। 25 फरवरी 1920 को यंग इंडिया में प्रकाशित अपने आलेख में गांधी ने लिखा कि हिन्दू-मुस्लिम एकता के लिए समान उद्देश्य व समान लक्ष्य के साथ समान सुख-दुख का भाव जरूरी है। एकता की भावना बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका समान लक्ष्य की प्राप्ति के प्रयत्न में सहयोग करनाए एक दूसरे का दुख बांटना और परस्पर सहिष्णुता बरतना ही है। आज बापू भले ही नहीं हैंए पर उनके विचार हमारे साथ हैं। देश को संकट से बचाने के लिए बापू के विचारों को अंगीकार करना होगा, वरना देर तो हो ही चुकी है, अब बहुत देर होने से बचाना जरूरी है।
डॉ. संजीव मिश्र
(यह लेखक के निजी विचार हैं।)