Jind News : जींद में राखी पर महिलाओं के लिए बस फ्री

0
55
जींद में राखी पर महिलाओं के लिए बस फ्री
जींद में राखी पर महिलाओं के लिए बस फ्री

Jind News (आज समाज) जींद: जींद में रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में परिवहन विभाग ने महिलाओं और उनके 15 साल तक के बच्चों को मुफ्त यात्रा की सौगात दी। आज दोपहर 12 बजे फ्री बस सर्विस शुरू हो गई है, जो कल रात 12 बजे तक जारी रहेगी। मुफ्त यात्रा की ये सुविधा राज्य परिवहन की साधारण बसों में हरियाणा क्षेत्र के साथ-साथ दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बसों में भी मान्य होगी। जींद डिपो के महाप्रबंधक ने कार्य निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि आज और कल ज्यादा से ज्यादा बसों का मार्ग पर संचालन करवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक चालक और परिचालक अपनी ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में हों। साथ ही सवारियों के साथ अच्छा बर्ताव करें। कर्मशाला प्रबंधक को भी निर्देश गए हैं कि रक्षा बंधन के त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए ज्यादा से ज्यादा बसें कार्य निरीक्षक को उपलब्ध करवाएं। महाप्रबंधक ने संस्थान प्रबंधक को यात्रियों की संख्या के हिसाब से रूट पर बसें चलाने के लिए निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं, बच्चों को किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। जींद डिपो में इस समय लगभग 200 रोडवेज बसे हैं, जिसमें किलोमीटर स्कीम की 17 बस शामिल हैं। इनमें हर रोज लगभग 16 से 17 हजार यात्री सफर करते हैं। वहीं जींद जिले में नरवाना, असंध, गोहाना, हांसी, अलेवा व पानीपत जैसे रूट पर 162 बस चलती हैं। प्राइवेट बस यूनियन के प्रधान अजय सिंह ने कहा कि प्राइवेट बसों में भी महिलाएं फ्री में यात्रा कर सकेंगे।