आप सरकार ने सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया : प्रवेश वर्मा
Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली में एक दशक तक शासन करने वाली आम आदमी पार्टी अब सत्ता से बाहर है। वहीं भाजपा ने ढाइ दशक बाद सत्ता में वापसी की है। भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव जिस अहम मुद्दे पर लड़ा था उसमें भ्रष्टाचार प्रमुख था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि आप ने सत्ता में रहते हुए बहुत बड़े स्तर भ्रष्टाचार किया। भाजपा ने चुनाव के दौरान दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास को निशाना साधते हुए उसे शीश महल की उपमा दी थी।
अब जबकि भाजपा सत्ता में है तो उसने पूर्व सीएम के उस आवास की जांच करने की तैयारी कर ली है। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि शीश महल विवाद की जांच शुरू की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के नवीनीकरण में कितना सरकारी पैसा इस्तेमाल किया गया। 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को भाजपा शीश महल कहती है, जिसका इस्तेमाल केजरीवाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए किया था। वर्मा ने कहा कि आप सरकार के तहत तीन साल पहले बनाए गए भव्य मुख्यमंत्री कार्यालय की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके नवीनीकरण पर कितना पैसा खर्च किया गया और किस आधार पर अधिकारियों ने इस तरह के खर्चों की अनुमति दी।
सीसीटीवी कैमरे लगाने में हुआ पक्षपात
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को कहा कि पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान भाजपा के आठ विधायकों के प्रतिनिधित्व वाले विधानसभा क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगाए गए, इसकी जांच की जाएगी। वर्मा ने दिल्ली विधानसभा में कहा कि आठों विधानसभा क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पिछली विधानसभा में भाजपा के पास आठ और आप के पास 62 सीट थीं।
सदन में यह मुद्दा उठाते हुए विश्वास नगर से भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने कहा कि पिछली आप सरकार के दौरान उनके विधानसभा क्षेत्र में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया। उन्होंने मामले की जांच केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) से कराने की मांग की।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : भाजपा का रवैया तानाशाही वाला : आतिशी