गुस्साएं ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल पर की तोड़फोड़, कैथल-कुरुक्षेत्र रोड किया जाम
ब्राह्मणों का आरोप- आयोजक खाने के लिए दे रहे थे बासी भोजन, विरोध करने पर की मारपीट
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ में आज बवाल हो गया। महायज्ञ के आयोजकों के गार्डों ने यज्ञ करने आए ब्राह्मणों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक ब्राह्मण को गोली लग गई। दो ब्राह्मणों के घायल होने का भी समाचार है।
वहीं फायरिंग की घटना से गुस्साएं ब्राह्मणों ने भी विरोध स्वरूप यज्ञशाला से बाहर निकलकर तोड़फोड़ व पथराव शुरू कर दिया। ब्राह्मणों की आयोजकों के साथ मारपीट भी हुई। महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया गया। डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग फाड़ दिए। इसके बाद ब्राह्मणों ने थीम पार्क के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकना शुरू कर दिया।
पुलिस को करना पड़ा हलका लाठीचार्ज
बवाल मचने का पता चलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की। जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हलका लाठीचार्ज कर ब्राह्मणों को वहां से हटाया। हालांकि ब्राह्मण अब भी रोड पर जाम लगाकर बैठे हुए हैं। तनावपूर्ण माहौल देखते हुए भारी फोर्स तैनात की गई हैं।
आयोजकों द्वारा दिया जा रहा था बासी खाना
प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मणों ने कहा कि उन्हें लगातार बासी खाना दिया जा रहा था। जिसके विरोध पर उनकी पहले भी आयोजकों के बाउंसर यानी गार्डों से बहस हुई थी। ब्राह्मणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे।
शरारती तत्वों ने डाला यज्ञ में विघ्न: आचार्य स्वामी शुभ
शरारती तत्वों ने किया यज्ञ के आयोजक आचार्य स्वामी शुभ ने बताया कि यह काम किसी शरारती तत्व ने किया है। वे खुद भी मामले की जांच कर रहे हैं। वे क्यों चाहेंगे उनके यज्ञ में कोई विघ्न हो। जो आरोपी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
27 को संपन्न होना था महायज्ञ
गौरतलब है 18 मार्च से कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ हो रहा है। यह महायज्ञ 18 मार्च से शुरू हुआ था। जिसे 27 मार्च तक चलना था।
देशभर से बुलाए गए थे 1500 ब्राह्मण
महायज्ञ में देश भर से 1500 ब्राह्मण बुलाए गए थे। इनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था यज्ञ के आयोजकों ने की। इसमें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल समेत इखढ के नेता शिरकत कर चुके हैं।
कभी भी पूरा नहीं हो सका महायज्ञ
इस यज्ञ का आयोजन तीसरी बार कराया जा रहा है। वर्ष 2021 में जब पहली बार यह यज्ञ कराया गया था तो पंडाल में आग लग गई थी। इसके कारण यज्ञ पूरा नहीं हो पाया था। दूसरी बार 2023 में जब यज्ञ हुआ तो बरसात के कारण यज्ञस्थल पर पानी भर गया। इसके कारण भी यज्ञ में विघ्न पड़ गया। अब तीसरी बार यज्ञ हुआ तो फायरिंग होने से विघ्न पड़ गया।
ये भी पढ़ें : हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी: विपुल गोयल