फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही मार्च जैसी गर्मी, माह अंत तक रिकॉर्ड छू सकता है तापमान
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : साल 2025 में गर्मी लगता है नए रिकॉर्ड बनाने पर तुली हुई है। जनवरी से ही तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। इसी के चलते फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 30 डिग्री को छू रहा है। 11 फरवरी इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। तापमान 29.7 डिग्री तक पहुंच गया और पूरा दिन लोग गर्मी से निजात पाने में जुटे रहे। मौसम विभााग का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और तापमान में वृद्धि इसी तरह दर्ज की जाती रहेगी।
सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा रहा तापमान
10 फरवरी इस साल का सबसे गर्म दिन रहने के बाद 11 फरवरी को भी दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले सोमवार 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आमतौर पर फरवरी के दूसरे सप्ताह में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। लेकिन इस साल फरवरी में अब तक बारिश नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
विज्ञापन
2006 में फरवरी रहा था सबसे गर्म
फरवरी में अब तक का सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस 26 फरवरी 2006 को दर्ज हुआ था। जबकि बीते साल फरवरी में सबसे अधिक तापमान 19 फरवरी को 29.7 डिग्री दर्ज हुआ था। वर्ष 2023 में 21 फरवरी को तापमान 33.6 डिग्री दर्ज किया गया था। विभाग के अनुसार अभी एक सप्ताह मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इसके बाद 13 फरवरी के बाद मौसम साफ होगा। 15 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा।
भयंकर गर्मी के लिए तैयार रहें दिल्लीवासी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्दी में ठंडे दिनों की गिनती कम रही। यही कारण है कि जो तापमान 20 फरवरी के बाद होना चाहिए था वह तापमान 20 जनवरी के बाद होना शुरू हो गया। इस बार बारिश कम होने से हवा में नमी की मात्रा कम है। जिसके चलते दिन के तापमान में तेजी दर्ज की जा रही है। यदि ऐसा ही मौसम रहा तो दिल्ली के लोगों को इस साल भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : दिल्ली सीएम शपथ ग्रहण को लेकर कयास जारी
ये भी पढ़ें : Delhi Political News : पंजाब के विधायकों को दिल्ली में केजरीवाल ने पढ़ाया सेवा का पाठ