Fatehabad Weather update : जाखल में राहत के साथ आफत बनकर बदरे बरसा

0
63
Jakhal Weather Update
मुख्य मार्ग पर भरे बरसाती पानी से गुजरती हुए वाहन
(Fatehabad Weather update) जाखल। सोमवार को शहर में हुई झमाझम बरसात से मौसम सुहाना होने से लोगों द्वारा भीषण गर्मी से राहत महसूस की गई है, वही अन्नदाताओं के लिए भी बारिश संजीवनी सिद्ध हुई है। शहर में निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने से लोगों को राहत के साथ समस्या से भी दो-चार होना पड़ा है। सोमवार दोपहर को अचानक से मौसम ने करवट बदली और देखते ही देखते बरसात शुरू हो गई। शहर में झमाझम बारिश हुई।

लोगों को गर्मी से मिली निजात, फसलों के लिए भी लाभदायक बारिश लेकिन जलभराव से लोगों को झेलनी पड़ी समस्या

शहर में कुछ समय जमकर बदरा बरसने से मुख्य मार्गो सहित शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश से जगह-जगह जलभराव होने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। जलभराव के हालात ये रहे कि बारिश थमने के कई घंटों बाद भी शहर के मुख्य मार्गों से पानी की निकासी न हो सकी। इससे शाम तक वाहन सड़कों पर रेंगते रहे। शहर में निचले इलाकों में अधिकांश लोगों के घरों में घुसे पानी को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। ऐसे में इस बरसात ने पालिका द्वारा शहर में जल निकासी हेतु सफाई कराने के दावों की भी पोल खोल दी। कुछ समय तक हुईं बरसात ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी। जगह-जगह जलभराव की स्थिति ने दिन में लोगों को आवागमन की दिक्कतों से रूबरू कराया। बरसात ने शहर के विभिन्न लिंक मार्गों पर भी जलभराव की समस्या उत्पन्न कर दी। आलम ये था कि शहर की कुछ मुख्य सड़कें भी तालाब का रूप धारण की दिखाई दी अथवा गलियां नालों में तब्दील हुईं नजर आईं। शहर के व्यस्ततम चंडीगढ़ रोड, रेलवे रोड व अनाजमंडी में जलभराव के हालात रहे। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों से जूझना पड़ा। बारिश के कारण बाजार भी जलभराव से प्रभावित रहे।

वाहनों के इंजन देते रहे धुआं

वर्षा से हुए जलभराव के चलते सोमवार को शहर के मुख्य व लिंक मार्गो पर घुटनों तक भरे पानी से गुजरते दुपहिया वाहनों के इंजन में पानी भर गया। ऐसे में चालकों को अपने वाहनों को पानी में उतरकर खींचना पड़ा। लोग धीरे-धीरे जलभराव से गुजर कर मार्ग तय कर सके।

फसलों के लिए संजीवनी लाई बरसात

सोमवार को शहर में हुई बरसात से जलभराव की स्थिति से हालांकि लोगों को समस्या का सामना भी करना पड़ा, वहीं इसी बीच बारिश से शहर वासियों को गर्मी से निजात अथवा अन्नदाताओं को भी इससे राहत मिली है। किसानों के मुताबिक बरसात फसलों के लिए संजीवनी साबित हुई है। किसान हरदेव सिंह व सुखबीर ने बताया कि इस समय बरसाती पानी फसल के लिए उपयोगी होता है। इससे जहां धान की फसल में कीड़े आदि मर जाते है, वहीं फसल पैदावार में भी बढ़ोतरी होती है।