Fatehabad News : देश की खातिर कुछ करने के लिए प्रेरित करता है तिरंगा : विधायक लक्ष्मण नापा 

0
55
The tricolor inspires us to do something for the country: MLA Laxman Napa
(Fatehabad News) रतिया। विधायक लक्ष्मण नापा ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को भारी संख्या में लोंगो के साथ शहीदों के सम्मान में शहर में तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान तिरंगा यात्रा कम्बोज धर्मशाला रतिया से शुरू होकर मैन बाज़ार से होते हुए अनाज मंडी पहुंची। यात्रा में विधायक, एसडीएम, जिलाध्यक्ष व पूर्व सिरसा सांसद ने अमर शहीदों की प्रतिमा को नमन किया। इस दौरान तिरंगा यात्रा में शामिल लोंगो, युवाओं और बच्चो ने भारत माता की जय, वन्दे मातरम आदि देशभक्ति के जोरदार नारे लगाए। विधायक लक्ष्मण नापा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर केंद्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा देश भर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का यह अभियान 14 अगस्त तक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा ध्वज देश को एक साथ जोडऩे का काम करता है और हम सबको देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है। विधायक नापा ने कहा कि देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों से ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा भी शहीदों को सम्मान दिया जा रहा है।
शहीद होने के बाद उनके आश्रितों को पूरा मान सम्मान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा शहीदों के परिवारजनों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज सेना के जवान सीमा पर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश को संविधान के रूप में विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान दिया है। एसडीएम जगदीश चन्द्र ने कहा कि तिरंगा हमारा राष्ट्रीय ध्वज है और यह हमारे गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। सभी नागरिकों का कर्तव्य बनता है कि वे इसको सम्मान देते रहें।
एसडीएम ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे सभी अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहराए। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने में क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों को बलिदान कर दिया। युवाओं को ऐसे क्रांतिकारी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। ताकि देश का मान-सम्मान हमेशा ऊंचा रहे।इस अवसर पर तिरंगा यात्रा में पूर्व सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल, जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह गरोहा, बीडीपीओ विकास कुमार लंग्यान, बीईओ अनीता बाई, ब्लॉक समिति चेयरमैन केवल कृष्ण मेहता, मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह, शहरी मंडल अध्यक्ष सुखविंद्र गोयल, सतपाल जिंदल, नपा वाइस चेयरमैन जोगिंद्र नन्दा, धर्मपाल शर्मा, पूर्व मार्केट कमेटी प्रधान श्याम कम्बोज, सुमित नापा, सरपंच अरविन्द सिहाग, सुनील सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्त्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।