Fatehabad News : चुनाव आयोग ने फेरा भाजपा सरकार की साजिशों पर पानी, कांग्रेस सरकार बनने का रास्ता हुआ साफ : दर्शन लाल हांसु

0
63
The path for formation of Congress government is clear: Darshan Lal Hansu
(Fatehabad News) रतिया। हरियाणा में विधानसभा चुनावों की एक माह पहले घोषणा करने पर वरिष्ठ कांग्रेस एवं रिटायर्ड चीफ इंजीनियर दर्शन लाल हांसू ने चुनाव आयोग का आभार जताया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार अपने अंतिम समय में लोगों को बरगलाने के लिए तरह-तरह की साजिशें रचने की तैयारी में थी लेकिन चुनाव आयोग ने अचानक चुनावों की घोषणा कर भाजपा सरकार की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया है।

कांग्रेस नेता ने चुनावों की घोषणा पर आयोग का जताया आभार, रतिया क्षेत्रवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

रतिया विधानसभा के गांवों में जनसम्पर्क अभियान चला रहे कांग्रेस नेता दर्शन लाल हांसु ने लोगों को रक्षाबंधन के त्यौहार की शुभकामनाएं दी और कहा कि वह रतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं लोगों की सेवा में दिन-रात एक कर देंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को पता है कि प्रदेश में तीसरी बार उसकी बार आने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। ऐसे में सीएम ने जनता को गुमराह करने के लिए घोषणाओं पर घोषणाएं करने में लग गए थे। दर्शन लाल हांसु ने कहा कि प्रदेश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और भाजपा की साजिशों में फंसने वाली नहीं है। आज प्रदेश का हर वर्ग खुलकर कांग्रेस के साथ खड़ा है। लोकसभा चुनावों में मिले भारी जनसमर्थन के बाद से ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया था। 1 अक्टूबर को चुनाव के बाद जनता अपने एक-एक वोट कांग्रेस को देखकर भाजपा सरकार के कुशासन का अंत करने का काम करेगी। 4 अक्टूबर के बाद प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि 10 सालों में विकास के मामले में पिछड़ चुके रतिया विधानसभा को दोबारा विकास के मामले में नंबर वन बनाना, रतिया क्षेत्र को नशामुक्त करना और लोगों को बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना ही उनका लक्ष्य है। इसी को लेकर वह राजनीति में आए है और जनता के आशीर्वाद से वह अपने इन सभी वायदों को पूरा करके दिखाएंगे।