Fatehabad News : टोहाना से इनेलो, बसपा गठबंधन के प्रत्याशी कुनाल करण ने भरा नामांकन 

0
221
INLD, BSP alliance candidate Kunal Karan filed nomination from Tohana
(Fatehabad News )  टोहाना। हरियाणा में विधानसभा चुनाव नजदीक होने के साथ ही सियासत पूरी तरह से गर्मा गई है। प्रदेश की वीआईपी सीट टोहाना पर भी सभी दल अपना अपना वोट बैंक मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयत्न कर रहे हैं। बीते दिन यहां टोहाना से बीजेपी के प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली ने अपने नामांकन पत्र भरने के दौरान जनसभा और रोड शो में अपनी ताकत का परिचय दिया था, वहीं सोमवार को टोहाना से इनेलो, बसपा गठबंधन के उम्मीदवार कुनाल करण सिंह ने अपना नामांकन भरा। इससे पहले उन्होंने सभा की। इस नामांकन समारोह में मुख्य रूप से इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला और मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख पहुंचे। इसके साथ ही जनसभा में उमड़े भारी जनसैलाब ने इनेलो के गरमाए माहौल को और मजबूती देने का काम किया। जनसभा के बाद कुनाल करण सिंह पंजाबी गायक मनकीरत औलख के साथ फूलों से सजी खुली महेंद्रा जीप में खड़े होकर गाड़ियों व बाइक के बड़े काफिले के साथ चुनाव कार्यालय तक पहुंचे। चुनाव कार्यालय में पहुंचने से पहले उन्होंने बड़े कबीले के साथ शहर में बड़ा रोड़ शो किया। इस दौरान इनेलो, बसपा प्रत्याशी कुनाल करण सिंह ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिनंदन किया।

जनसभा व रोड़ शो में उमड़ी भारी भीड़, अभय चौटाला और पंजाबी गायक मनकीरत औलख हुए शामिल

इस दौरान लोगों की उमड़ी भीड़ से इनेलो, बसपा प्रत्याशी कुनाल करण सिंह गदगद नजर आए। इस मौके उन्होंने इनेलो नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला, सुनैना चौटाला और पंजाबी गायक मनकीरत औलख अथवा इनेलो व बसपा नेताओं का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया और समारोह में पहुंचने पर लोगों का भी आभार जताया।
इस दौरान प्रत्याशी कुनाल करण सिंह ने कहा कि यह नामांकन समारोह उनका नहीं, बल्कि टोहाना क्षेत्र की जनता का है। उन्होंने कहा कि इनेलो और बसपा का गठबंधन कोई छोटा-मोटा गठबंधन नहीं है, बल्कि ये भाई बहन का गठबंधन है। चौधरी अभय सिंह चौटाला और बहन मायावती में भाई बहन के प्यार का गठबंधन है। यह गठबंधन हर उस नौजवान साथी की सोच का है, जो यह सोच कर बैठा है कि आज उसका भविष्य अंधकार में पड़ा है। उन्होंने कहा कि टोहाना के पिछले 20 सालों के हालातो से हर कोई वाकिफ है। पूर्व की कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने यहां जमकर लूट मचाई है। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक व कृषि मंत्री रहें परमवीर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने 10 साल यहां पर राज किया, लेकिन अपने कार्यकाल में उन्होंने कोई काज नहीं किया। उसके बाद बीजेपी का राज आया, जब प्रदेश में इनका राज आता है तब यह पीएम नरेंद्र मोदी की बात करने लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार गिड़गिड़ाते हुए नरेंद्र मोदी जी को सरकार बनानी पड़ी है। इसके साथ ही कुनाल करण ने कहा कि आज हम जिस मंच पर और जिस जगह अनाज मंडी में शेड के नीचे बैठे है, दो दिन पहले यहां पर प्रदेश का जाने वाला मुख्यमंत्री आया था और आज हम के बीच चौधरी अभय सिंह चौटाला जो आने वाले मुख्यमंत्री है वो बैठे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे हलके के अंदर ऐसा पलटू राज है। जो नेता रात को किसी पार्टी में होता है और सुबह दूसरी पार्टी में होता है। उन्होंने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से उत्साहित होकर कहा कि आज कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि आने वाले दिनों में टोहाना में बीजेपी का नामोनिशान नहीं रहेगा। आप लोगों के इक्क्ठ से साबित हो गया है कि गठबंधन की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि वो तो आपका एक नुमाइंदा है, जबकि आशीर्वाद आप लोगों का है। उन्होंने दावा किया कि 8 अक्टूबर को चौधरी अभय सिंह चौटाला प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। अंत में उन्होंने लोगों से निवेदन किया कि आने वाली पांच अक्टूबर को अपना एक-एक कीमती वोट आपके बेटे और आपके भाई को देने का काम करें।

पंजाबी गायक मनकीरत औलख ने कुनाल करण के लिए की वोटों की अपील

पंजाबी गायक मनकीरत औलख में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि फतेहाबाद में ही उनका गांव बहबलपुर है। उन्होंने कहा कि और शहरों में विकास हुआ है, लेकिन फतेहाबाद जिला में विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने चौधरी अभय चौटाला से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रहने के दौरान ही कार्य हुए हैं जबकि उसके बाद किसी सरकार ने यहां की सुध नहीं ली। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि टोहाना क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए उनके बड़े भाई टोहाना से इनेलो, बसपा गठबंधन के प्रत्याशी कुनाल करण को अधिक से अधिक मतों से विजई बना कर विधानसभा में भेजने का कार्य करें। मनकीरत औलख ने कुनाल करण सिंह का हाथ पकड़ कर फतेह बुलाते हुए उनके लिए मतों की अपील कर, उनकी जीत की कामना की

अभय चौटाला ने लगाई वादों की झड़ी

नामांकन समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर गरीब जनहित में कार्य किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि चौधरी देवीलाल जी ने 35 वर्ष पहले जो वृद्ध पेंशन योजना शुरू की थी, इनेलो, बसपा सरकार बनने पर इस पेंशन राशि को बढ़ाकर 7500 किया जाएगा। इसके साथ ही गृहणियों के लिए हर माह पहली तारीख को सरकार की तरफ से फ्री एक गैस सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा अथवा रसोई खर्च के लिए हर माह 1100 रुपए राशि महिलाओं के खाते में डाली जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि इनेलो, बसपा गठबंधन सरकार बनने पर हर घर में पढ़े लिखे एक व्यक्ति को नौकर दी जाएगी। यदि कोई बच्चें नौकरी से वंचित रह गए तो उसे मायूस नहीं होने देंगे। उसे 21 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता देकर आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। चौ. अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब परिवारों को 100, 100 गज के मुफ्त प्लाट देने के वादे तो किए थे, लेकिन धरातल पर दिए किसी को नहीं। उन्होंने कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनकी सरकार बनने पर गरीब परिवारों को 100 गज का मुफ्त प्लॉट और योजना के तहत पक्का कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2 लाख कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं, उनकी सरकार बनने पर रिक्त पदों पर रेगुलर भर्ती करने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा आंगनवाड़ी, आशा वर्कर और सफाई कर्मियों को पहली कलम से पक्का किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों की लंबित मांग पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार द्वारा जो पोर्टल बनाए गए हैं, आमजन उससे परेशान है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर सभी पोर्टल बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बड़ा वादा करते हुए कहा कि चंडीगढ़ पर हमारा जो अधिकार है, जो हमारा हिस्सा है, उसे भी लेने का कार्य करेंगे। यह सभी कार्य तभी संभव हो पाएंगे जब इंडियन नेशनल लोकदल और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता अब से लेकर 5 अक्टूबर तक घर-घर जाकर इनेलो, बसपा के पक्ष में मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए दिन-रात एक कर देंगे।