Fatehabad News : अपनी अंतिम सांसे गिन रही भाजपा सरकार, जन आंदोलन बन चुकी है हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा : सुभाष खिलेरी

0
57
Haryana Demands Hisaab Yatra has become a mass movement: Subhash Khileri
गांवों में जनसम्पर्क अभियान चलाकर लोगों को हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा का निमंत्रण देते सुभाष खिलेरी।
(Fatehabad News) फतेहाबाद। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की अगुवाई में मंगलवार को फतेहाबाद पहुंचने वाली हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और फतेहाबाद पहुंचने पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया जाएगा। इस यात्रा को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष खिलेरी द्वारा सोमवार को गांव गोरखपुर और कुम्हारिया में जनसम्पर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम गांव में डोर टू डोर पहुंची और लोगों से 13 अगस्त की शाम को फतेहाबाद पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने का निमंत्रण दिया। जनसम्पर्क अभियान के दौरान कांग्रेस नेता द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार के 10 सालों में जनविरोधी फैसलों से भी अवगत करवाया गया।

13 को फतेहाबाद पहुंचेगी यात्रा, कांग्रेस नेता ने गांवों में जनसम्पर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों को दिया निमंत्रण

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष खिलेरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 10 सालों के शासन में लगातार जन विरोधी फैसले लेकर हर वर्ग के लोगों को परेशान करने का काम किया है। हुड्डा शासनकाल में जो हरियाणा विकास के मामले में नंबर वन गिना जाता था, भाजपा कुशासन के कारण आज उस प्रदेश की गिनती बेरोजगारी, महंगाई और अपराध के मामले पहले नंबर पर हो रही है। इन विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा द्वारा लगाए गए इस कलंक को साफ करना चाहती है और यह कलंक तभी मिटेगा जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी और कांग्रेस की सरकार बनेगी। सुभाष खिलेरी ने कहा कि सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के नेतृत्व में निकाली जा रही हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा को प्रदेशवासियों द्वारा जो समर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि यह यात्रा जन आंदोलन का रूप ले चुकी है और भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील का काम करने जा रही है। सुभाष खिलेरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में कभी जनता की सुध नहीं ली।
अब लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद अपनी जमीन खिसकती देख विधानसभा चुनाव में अपनी लाज बचाने के लिए भाजपा सरकार आए दिन झूठी घोषणाएं कर रही है लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के इस नाटक में फंसने वाली नहीं है। जनता भाजपा का पूरी तरह से सफाया करने का मन बना चुकी है। हरियाणा की भाजपा सरकार अपनी अंतिम सांसे गिन रही है और कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। इस दौरान उनके साथ जोगीराम हड़ौली, कृष्ण बैनीवाल, भीराम बाजीगर, वजीर खिलेरी, जोगेन्द्र राठौर, संदीप कुमार, राजकुमार सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

SHARE