Fatehabad News : हरियाणा मांगे हिसाब के तहत हांसपुर और नागपुर में चलाया डोर टू डोर अभियान

0
156
Haryana demands hisaab and launched door to door campaign
नागपुर और हांसपुर में हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत डोर टू डोर अभियान चलाते कांग्रेस नेता सुभाष खिलेरी।
  • कंगना के ब्यान से किसान गुस्से में, चुनावों में मांगेगे जवाब : सुभाष खिलेरी
(Fatehabad News ) रतिया। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने किसानों को हत्यारा और बलात्कारी बताकर देश के अन्नदाताओं का अपमान किया है। भाजपा सरकार द्वारा किसानों को पूर्व में दिए गए जख्म अभी भरे नहीं थे, कि उसके सांसद के ऐसे बड़बोलेपन ने किसानों के जख्मों पर नमक छिडक़ने का काम किया है। देश के किसानों के ऐसे अपमान को कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और संसद से लेकर सडक़ों तक उतरकर भाजपा नेताओं से इसका जवाब मांगा जाएगा। यह बात वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष खिलेरी ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत रतिया विधानसभा के गांव हांसपुर और नागपुर में डोर टू डोर अभियान चलाते हुए कही। कांग्रेस नेता की टीम ने गांव में दुकान-दुकान जाकर भाजपा के 10 सालों के कुशासन की पोल खोली। कांग्रेसियों ने लोगों को बताया कि 10 सालों का हिसाब मांगने पर भाजपा के नेता किस तरह चुप्पी साध लेते हैं।
कांग्रेस नेता सुभाष खिलेरी ने भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा दिए गए किसान विरोधी ब्यान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की चुप्पी से स्पष्ट है कि भाजपा नेताओं की शह पर ही उसके सांसद ऐसी अनाप-शनाप ब्यानबाजी कर रही हैं। हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा किसान आंदोलन के दौरान किसानों को ढहाए गए जुल्मों को याद करते हुए सुभाष खिलेरी ने कहा कि प्रदेश का किसान भाजपा सरकार की तानाशाही को भूला नहीं है। भाजपा ने किसानों पर लाठियां बरसाई, उनकी राहों में कांटे बिछाए, उन पर गोलियां चलाई गई। भाजपा के नेता कभी किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें कुचलने का काम करते हैं तो कभी शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों को हत्यारा और बलात्कारी बताया जा रहा है। ऐसे में भाजपा किस मुंह से किसानों के बीच वोट मांगने के लिए जाएगी। सुभाष खिलेरी ने कहा कि किसान बेसब्री से भाजपा नेताओं का गांवों में आने का इंतजार कर रहे हैं। गांवों में वोट मांगने आने वाले भाजपा नेताओं से एक-एक सवाल का जवाब मांगा जाएगा। हरियाणा विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए खांडे की धार पर चलने जैसा है। चुनावों में किसानों का गुस्सा भाजपा को ले बैठेगा और उसके नेताओं की जमानत तब जब्त करवाने का काम किसान करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ जोगीराम हड़ौली, कृष्ण बैनीवाल, सतपाल पंडित, वजीर खिलेरी, सुधीर गोदारा, भीराराम बाजीगर, जीवन दास सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।