Fatehabad News : कांग्रेस और भाजपा दोनों ने 10-10 साल हरियाणा को लूटने का काम किया : सुनैना चौटाला

0
154
Both Congress and BJP looted Haryana for 10-10 years: Sunaina Chautala
ग्रामीण सभाओं को संबोधित करते इनेला नेता सुनैना चौटाला।।
(Fatehabad News)फतेहाबाद। इनेलो महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव सुनैना चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश के हालात बद से बदत्तर हो चुके हैं। महिलाएं बढ़ती महंगाई से परेशान हैं, युवा बेरोजगारी से और किसान अपनी फसलों को लेकर परेशान है। व्यापारियों में आज भय का माहौल है। भाजपा सरकार ने हरियाणा की जनता को सिवाय परेशानियों के, कुछ नहीं दिया। ऐसे भाजपा सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। पहले 10 साल कांग्रेस ने और उसके बाद 10 साल भाजपा ने हरियाणा को लूटने का काम किया है। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा और कांग्रेस से त्रस्त जनता इनेलो-बसपा गठबंधन को जिताने का मन बना चुकी है। जननायक चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर होने वाली रैली में उमडऩे वाला जनसैलाब इस बात पर मोहर लगाने का काम करेगा।

ग्रामीणों ने सुनैना चौटाला से मिलकर उन्हें गांव की समस्याओं से अवगत करवाया

सुनैना चौटाला फतेहाबाद विधानसभा के ग्रामीण दौरे के दौरान आयोजित सभाओं को संबोधित कर रही थी। गांवों में पहुंची इनेलो नेता का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। खासकर महिलाओं में सुनैना चौटाला के स्वागत को लेकर काफी उत्साह नजर आया। उन्होंने आज गांव बोदीवाली से अपने ग्रामीण दौरे की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने सरवरपुर, ढिंगसरा, किरढान, बनावाली, ढाण्ड, धारनियां, चपलामोरी, ढाणी मियां खां, बीघड़ व बनगांव में भी आयोजित ग्रामीण सभाओ को संबोधित कर जननायक चौ. देवीलाल के जन्मदिन पर होने वाले कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लेने का निमंत्रण दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सुनैना चौटाला से मिलकर उन्हें गांव की समस्याओं से अवगत करवाया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि फतेहाबाद के लोग कांग्रेस और भाजपा दोनों का 10-10 साल का शासन देख चुके हैं। इन 20 सालों में फतेहाबाद विकास के मामले में काफी पिछड़ चुका है। ओमप्रकाश चौटाला के सीएम रहते जो जिला विकास के मामले में प्रदेश में पहले नंबर पर था, आज उस फतेहाबाद के क्या हालात हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि आज हुड्डा जैसे नेता अपनी ही पार्टी के नेताओं को खत्म करने का काम कर रहे हैं। पहले अशोक तंवर और अब किरण चौधरी इसका उदाहरण है। हुड्डा आज सैलजा के साथ जो कर रहे हैं, उसे पूरा प्रदेश देख रहा है।
हुड्डा जैसे महत्वकांक्षी लोगों को जनता की नहीं केवल कुर्सी की ही चिंता है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस को भाजपा सरकार से हिसाब मांगने की कोई याद नहीं आई। सरकार से हिसाब मांगने की सही जगह विधानसभा है। वहां बोलने की बजाय अब कांग्रेस के नेता जनता के बीच जाकर ड्रामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपना 10 सालों का अपना हिसाब दें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाकर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को दूर करते थे, सरकार का हिसाब देते थे। आज भी हरियाणा के लोग इनेलो शासनकाल को याद करते हैं। इस अवसर पर उनके साथ जिला प्रधान बलविन्द्र कैरो, हलका प्रधान जगदीश जैलदार, पूर्व प्रत्याशी सुमनलता सिवाच, बसपा नेता राम सिंह फौजी, वरिष्ठ इनेलो नेता अंगद ढिंगसरा, अजय रोहज, शिव मेचु, सतपाल सिद्धू, कृष्ण मांझू, अमित जानू, सुरेन्द्र गोदारा, युवा इनेलो शहरी प्रधान अमन शर्मा सहित अनेक इनेलो व बसपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।