Punjab Farmers Protest : किसानों की आज चंडीगढ़ हुंकार, यूटी पुलिस रोकने को तैयार

0
149
Punjab Farmers Protest : किसानों की आज चंडीगढ़ हुंकार, यूटी पुलिस रोकने को तैयार
Punjab Farmers Protest : किसानों की आज चंडीगढ़ हुंकार, यूटी पुलिस रोकने को तैयार

पुलिस के 1200 जवान तैनात, 18 एंट्री प्वाइंट किए गए सील

Punjab Farmers Protest (आज समाज), चंडीगढ़ : मांगों को लेकर प्रदेश के किसान संगठनों ने आज चंडीगढ़ मार्च का फैसला लिया है। ज्ञात रहे कि मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में हुई बैठक बेनतीजा रही थी। जिसके बाद आज किसान संगठन चंडीगढ़ में आज से पक्का मोर्चा लगाने का ऐलान कर चुके हैं। दूसरी तरफ सीएम भगवंत मान किसान संगठनों के इस रवैये से बहुत दुखी और नाराज हैं। सीएम का कहना है कि किसानों की अधिकत्तर मांगें केंद्र सरकार से संबंधित हैं लेकिन किसान प्रदेश में जगह-जगह धरने लगाकर प्रदेश का और अपना नुकसान कर रहे हैं।

किसानों को रोकने की पुलिस की तैयारी

चंडीगढ़ पुलिस ने भी पंजाब के साथ लगते 18 एंट्री प्वॉइंट को सील कर दिया है, जहां 1200 जवानों को तैनात किया गया है, जबकि संयुक्त किसान मोर्चा ने साफ कर दिया है कि मोर्चा ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ हर हाल में चंडीगढ़ कूच करेगा। सरकार जहां भी उनको रोकेगी, वे धरने पर बैठ जाएंगे। एसकेएम के पक्के मोर्चे के एलान को देखते सोमवार देर रात से ही पंजाब पुलिस ने किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी, जो मंगलवार को पूरा दिन जारी रही। इस दौरान किसान नेताओं को घरों से हिरासत में ले लिया गया, जबकि कुछ को नजरबंद भी कर दिया गया।

अंडरग्राउंड हो गए किसान नेता 

पुलिस कार्रवाई को देखते हुए अधिकतर किसान नेता अंडरग्राउंड हो गए। मोर्चे के मुताबिक बलबीर सिंह राजेबाल समेत उनके 9 नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इनमें रुलदू सिंह मानसा, जंगवीर सिंह चौहान, गुरमीत सिंह भाटीवाल, नछत्तर सिंह जैतों, वीरपाल सिंह ढिल्लों, बिंदर सिंह गोलेवाल, गुरनाम भीखी और हरमेश सिंह ढेसी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां, रमिंदर सिंह पटियाला, बुटा सिंह, हरिंदर सिंह लखोवाल, सतनाम सिंह, गुरमीत सिंह और राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला के घर पर छापा मारा।

चंडीगढ़ कूच के लिए की अपील

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एसकेएम से जुड़ी जत्थेबंदियों ने अपना रोष जाहिर करने के लिए पंजाब सरकार के पुतले भी फूंके। एसकेएम नेता रमिंदर सिंह पटियाला ने कहा कि हम चंडीगढ़ जरूर जाएंगे। सरकार ने जहां रोका, वहीं धरने देकर बैठ जाएंगे। किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों के साथ चंडीगढ़ जाएंगे। इसी तरह किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि चंडीगढ़ कूच के लिए सभी साथियों को साथ आने की अपील की है।

ये भी पढ़ें : Delhi News : पहले ही सत्र में रिकॉर्ड सदस्यों को बोलने का मौका मिला : गुप्ता

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : भाजपा नेता ने पार्टी कार्यालय में लगाया फंदा